कौशांबी — रविवार शाम सीएमओ कार्यालय के पीछे सुनसान जंगल में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में कार्यालय के पास खड़ी तीन खराब एंबुलेंस भी आ गईं, जिससे हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सीएमओ कार्यालय के बगल में आवासीय परिसर और जंगल है, जहां सूखे पेड़ व पत्तियां मौजूद थीं। कुछ लोगों ने पेड़ की टहनियों और पत्तों को इकट्ठा कर आग लगा दी थी। तेज हवा के कारण आग फैल गई और खराब एंबुलेंस के टायरों तक पहुंच गई।
आवासीय परिसर में मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी सीएमओ संजय कुमार को फोन पर दी। सूचना मिलते ही सीएमओ संजय कुमार भी कार्यालय पहुंचे, तब तक दमकल टीम आग बुझा चुकी थी।
सीएमओ संजय कुमार ने बताया कि आग लगने से केवल तीन खराब एंबुलेंस के टायर जले हैं। उन्होंने पुष्टि की कि किसी अन्य संपत्ति का कोई नुकसान नहीं हुआ है। इन खराब एंबुलेंस का टेंडर पहले ही हो चुका है।







