11 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाया स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशाम्बी, धनतेरस पर खिलाड़ियों ने की खेल उपकरणों की पूजा

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

खेलो इंडिया के तत्वावधान में कोच संदीप की अगुवाई में हुआ भव्य दीपोत्सव, बच्चों को मिठाई एवं गट्टे के पैकेट वितरित किए गए।

कौशाम्बी। धनतेरस के पावन अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशाम्बी में उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्टेडियम को लगभग 11,000 दीपों एवं मोमबत्तियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा स्टेडियम रोशनी से जगमगा उठा।

कार्यक्रम के लिए सुबह से ही स्टेडियम के सभी खिलाड़ी तैयारियों में जुट गए थे। खिलाड़ियों ने अपने-अपने खेलों के उपकरणों को आकर्षक ढंग से सजाया तथा विधि-विधान से खेल उपकरणों की पूजा-अर्चना की। खेलो इंडिया के तत्वावधान में कोच संदीप के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. इकरार के हाथों स्टेडियम के सभी बच्चों को दीपावली के उपहार स्वरूप मिठाई एवं गट्टे के पैकेट वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर डॉ. इकरार, कोच संदीप, अमर, लोटन, बाबू जी सहित स्टेडियम के खिलाड़ी, बच्चे एवं अन्य साथी उपस्थित रहे।

ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. अरुण केशरवानी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता और पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि खेल आपसी भाईचारे, अनुशासन, संस्कार और एकता की भावना भी विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों में खेलों के प्रति सम्मान और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं।

11 हजार दीपों की रोशनी के बीच बच्चों की मुस्कान और सभी साथियों का उत्साह इस आयोजन की सबसे खूबसूरत तस्वीर बन गया।

रिपोर्ट-मो0 यासीन कौशाम्बी

UP Headline
Author: UP Headline

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें