कौशाम्बी–
मूरतगंज ईदगाह मस्जिद के सामने GT रोड पर हुआ हादसा, बाइक सवार घायल; पुलिस ने बाइक कब्जे में ली
कौशाम्बी। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज चौकी अंतर्गत मूरतगंज ईदगाह मस्जिद के सामने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, गन्सरी गांव निवासी 65 वर्षीय आजाद उर्फ शकील पुत्र स्वर्गीय छेदी साइकिल से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पुरामुफ्ती की ओर से आ रही तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वृद्ध सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मूरतगंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल वृद्ध को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल बुलेट सवार को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जबकि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया।
मृतक की पहचान आजाद उर्फ शकील पुत्र स्वर्गीय छेदी, उम्र 65 वर्ष, निवासी ग्राम गन्सरी, थाना संदीपन घाट, जनपद कौशाम्बी के रूप में हुई है। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार चायल






