सैनी कोतवाली क्षेत्र के अड़ुवा कस्बे में बीएसएनएल टावर के पास मिला शव, पहचान कराने में जुटी पुलिस
कौशाम्बी। सैनी कोतवाली क्षेत्र के अड़ुवा कस्बे में गुरुवार सुबह जीटी रोड किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बीएसएनएल टावर के पास शव पड़ा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। युवक ने हल्के आसमानी रंग की जींस और हल्के पीले रंग की चेकदार शर्ट पहन रखी थी। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
सोशल मीडिया के जरिए पहचान कराने की कोशिश
अज्ञात युवक की पहचान कराने के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित कराई है। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
जीटी रोड किनारे शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







