एक किलो मिठाई में 58 से 154 ग्राम तक मिली कमी, दीपावली पर विधिक माप विज्ञान विभाग का विशेष अभियान जारी
कौशाम्बी–
दीपावली पर्व के मद्देनजर विधिक माप विज्ञान (बाट तथा माप) विभाग ने मिठाई विक्रेताओं के खिलाफ विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। अभियान के दौरान मिठाई की तौल में अनियमितता मिलने पर अब तक सात दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें चार मिठाई विक्रेताओं के यहां डिब्बे सहित मिठाई तौलने के कारण उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम मिठाई दिए जाने का मामला सामने आया है।
वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान विजय कुमार ने बताया कि 26 अक्टूबर 2026 से शुरू हुए विशेष जांच अभियान के दौरान मेसर्स न्यू विजय मिष्ठान भंडार, कम्हियावा में एक किलोग्राम मिठाई की तौल में 58 ग्राम की कमी पाई गई। इसी तरह मेसर्स मिश्रा स्वीट हाउस, टेंगाई में 69 ग्राम, मेसर्स मोदनवाल स्वीट हाउस, पुरखास में 154 ग्राम तथा प्रमेश कुमार गुप्ता की स्वीट शॉप पर 130 ग्राम मिठाई कम पाई गई। इन सभी दुकानदारों के खिलाफ विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 के तहत मौके पर चालान की कार्रवाई की गई।
विभाग की जांच शुरू होने के बाद अन्य मिठाई विक्रेता भी सतर्क हो गए। जांच के दौरान कुछ दुकानदार एक किलोग्राम के स्थान पर 1150 ग्राम मिठाई तौलते हुए पाए गए, ताकि डिब्बे के वजन की भरपाई हो सके।
वरिष्ठ निरीक्षक ने मिठाई विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि भविष्य में मिठाई की बिक्री निर्धारित मानकों के अनुरूप करें और मिठाई के वास्तविक वजन में डिब्बे का वजन शामिल न करें। साथ ही उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि मिठाई खरीदते समय उसकी तौल को लेकर जागरूक रहें और डिब्बे के वजन के बजाय केवल मिठाई का वजन सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि विशेष जांच अभियान भैया दूज तक जारी रहेगा। अभियान के तहत अब तक कुल 35 निरीक्षण किए जा चुके हैं। जांच अभियान में वरिष्ठ निरीक्षक विजय कुमार, सौरभ और प्रयोगशाला सहायक अजय कुमार यादव शामिल रहे।







