कौशाम्बी—
जनपद के मंझनपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां स्विमिंग पूल में नहाने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार बंधवा रजबर गांव निवासी विमलेश (लगभग 20 वर्ष) अपने चार दोस्तों के साथ मगरोहनी स्थित स्विमिंग पूल में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि सभी युवक काफी देर तक पूल में नहाते रहे। नहाने के कुछ समय बाद अचानक विमलेश की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे तेज उल्टियां होने लगीं। उसकी हालत बिगड़ती देख दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। दोस्तों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी और युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल मंझनपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंच गए।वही मृतक युवक के पिता का आरोप है कि नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई । घटना की सूचना मिलने पर मंझनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।







