*कड़ा,कौशाम्बी
क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति संजीदा बनाने के लिए कड़ाधाम पुलिस ने शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येंद्र प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के शीतलाधाम और सौरई बुजुर्ग में जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को सुरक्षित सफर का पाठ पढ़ाया गया।शिविर के दौरान क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल कानूनन जरूरी है बल्कि यह जीवन की सुरक्षा के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट के प्रयोग पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम में एक अनोखी पहल करते हुए थाना प्रभारी विनीत सिंह ने बाइक चालकों के हाथ पर सफेद रिबन बांधे। यह रिबन शांति और नियमों के प्रति निष्ठा का प्रतीक रहा। थाना प्रभारी ने चालकों को हिदायत दी कि वे नशा करके वाहन न चलाएं और निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखें।पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान उन चालकों की जमकर सराहना की जो हेलमेट लगाकर वाहन चला रहे थे। थाना प्रभारी ने उन्हें जिम्मेदार नागरिक बताते हुए अन्य लोगों को भी उनसे प्रेरणा लेने को कहा।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी सिराथू ने बताया कि हमारा उद्देश्य चालान काटना नहीं बल्कि लोगों की जान बचाना है। यदि नागरिक जागरूक होंगे तो सड़कों पर होने वाले हादसों में भारी कमी आएगी।इस अवसर पर राहुल कुशवाहा, नियाज़ अहमद सिद्दीकी, रामराज सरोज सहित तमाम गणमान्य व प्रशासनिक लोग उपस्थित रहे।







