कड़ा,कौशाम्बी—
उप जिलाधिकारी सिराथू ने आगामी 14 और 15 मई को कड़ा के कुबरी घाट पर होने वाले मेले की अनुमति देने से साफ इंकार कर दिया है। प्रशासन ने यह निर्णय पुलिस की जांच रिपोर्ट और आयोजन स्थल पर बुनियादी सुविधाओं के अभाव के मद्देनजर लिया है।नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम के संत मलूक दास नगर निवासी अनिल कुमार ने तहसील प्रशासन को आवेदन देकर कुबरी घाट में गाजी मियां के मेले के आयोजन की अनुमति मांगी थी। इस आवेदन पर उपजिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी सिराथू और थाना प्रभारी कड़ाधाम से आख्या मांगी थी।पुलिस और तहसील प्रशासन की जांच में कई गंभीर खामियां पाई गईं जिन्हें आधार बनाकर अनुमति निरस्त कर दी गई।प्रशासन ने बताया कि मेला जिस स्थान पर आयोजित होना था वह निजी भूमि है। आयोजकों ने भूमि स्वामी से कोई लिखित अनुमति या अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं किया था। इस कार्यक्रम में फतेहपुर और चित्रकूट जैसे पड़ोसी जनपदों से भारी भीड़ जुटने की संभावना थी। आयोजकों के पास भीड़ को नियंत्रित करने या सुरक्षा व्यवस्था की कोई ठोस कार्ययोजना नहीं थी।कार्यक्रम में लगभग 75 प्रतिशत महिलाएं शामिल होती हैं लेकिन आयोजन स्थल पर उनके लिए शौचालय, पेयजल, प्रकाश या ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं पाई गई।जांच में यह भी पाया गया कि जिस स्थान पर कार्यक्रम प्रस्तावित है वहां कोई स्थायी धार्मिक स्थल विद्यमान नहीं है।पुलिस रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि कार्यक्रम में झाड़-फूंक जैसी गतिविधियां होती हैं जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने और सुरक्षा संबंधी खतरे उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है।उप जिलाधिकारी सिराथू ने क्षेत्राधिकारी सिराथू की संस्तुति के आधार पर स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों और सुविधाओं के अभाव में मेले की अनुमति दिया जाना उचित नहीं है। प्रशासन ने आवेदक अनिल कुमार को इस फैसले की प्रतिलिपि भेजकर सूचित कर दिया है। इस निर्णय के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।







