कौशाम्बी — सिराथू तहसील क्षेत्र के धुमाई गांव में सरकारी बंजर भूमि से अवैध कब्जा हटाने पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के सामने जमकर हंगामा हो गया। कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एक झोपड़ी में आग लग गई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने राजस्व टीम पर गंभीर आरोप लगाए।
परिजनों का आरोप है कि सरकारी जमीन खाली कराने पहुंची टीम की कार्रवाई के दौरान उनकी झोपड़ी में आग लग गई, जिससे सामान जलकर राख हो गया। वहीं घटना के बाद महिलाओं और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
दूसरी ओर प्रशासन का दावा है कि कब्जा करने वाले लोगों ने खुद ही झोपड़ी में आग लगाई, ताकि कार्रवाई को प्रभावित किया जा सके। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी आग बुझाने का प्रयास करते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हंगामा और झोपड़ी में लगी आग दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।







