फार्मेसी केवल शिक्षा तक सीमित नहीं , बल्कि यह समाज सेवा का एक सशक्त माध्यम -संजय कुमार गुप्ता

कौशाम्बी-

भरवारी। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर रिद्धि सिद्धि कॉलेज ऑफ फार्मेसी में गुरुवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक  संजय कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर केक काटा। सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  गुप्ता ने कहा कि “फार्मेसी केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज सेवा का एक सशक्त माध्यम है। दवाओं का निर्माण, उनका परीक्षण, वितरण और सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करना फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य सेवाओं की श्रृंखला में फार्मासिस्ट एक ऐसी कड़ी हैं, जो सीधे मानव जीवन की सुरक्षा और संवर्धन से जुड़ी है।”

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुति शामिल रहे। साथ ही कॉलेज की ओर से एक स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्रदान की गई।

इस अवसर पर रिद्धि सिद्धि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन की डायरेक्टर  सीमा पवार,  प्रांशु गुप्ता, सुनील द्विवेदी, विजय कुमार सहित मन्नू यादव एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य एवं शिक्षकों ने फार्मासिस्ट दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को उत्साह एवं निष्ठा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम उत्साह और जोश के साथ सम्पन्न हुआ, जिसने छात्रों में नई ऊर्जा और समाज सेवा के प्रति समर्पण की भावना का संचार किया।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More