इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम, दोस्तों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था कृष्णा
कौशाम्बी। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के ओसा चौराहे के पास सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने किशोर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह वाहन में फंसकर करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। गंभीर रूप से कुचलने के कारण किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान कृष्णा केसरवानी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे कृष्णा अपने दोस्तों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था। वापस लौटते समय एमबी स्कूल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद किशोर डंपर के पहिए में फंस गया और वाहन उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया।
नाना के घर रहकर करता था पढ़ाई
बताया जा रहा है कि कृष्णा पिछले दो वर्षों से ओसा चौराहे पर अपने नाना शीतल केसरवानी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह ओसा चौराहा निवासी मिथिलेश केसरवानी का बेटा था। उसके पिता का पैतृक गांव कोखराज थाना क्षेत्र का ककोड़ा है, जहां वह फल का कारोबार करते हैं।
कृष्णा परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।







