कौशाम्बी-प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय, प्रयागराज की अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए करारी स्थित डॉ. रिज़वी कॉलेज ऑफ लॉ की विभिन्न खेल टीमों को रवाना किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुहम्मद ज़फर ने हरी झंडी दिखाकर खिलाड़ियों से भरी बस को रवाना किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कॉलेज की ओर से खो-खो, वालीबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, कैरम, कबड्डी और फुटबॉल की टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। प्राचार्य डॉ. मुहम्मद ज़फर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक क्षमता के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का विकास होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी मेहनत और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन करेंगे।
इस मौके पर मैनेजमेंट अधिकारी आलोक श्रीवास्तव, संगीता कपाड़िया सहित कॉलेज के शिक्षकगण मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।







