कौशाम्बी-
रिपोर्ट- ताज उददीन-
मंझनपुर स्थित जिला पंचायत परिसर के रत्नावली सभागार में जिला पंचायत की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सहित सभी वार्डों के जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सदस्यों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इनमें बिजली की अनियमित आपूर्ति, नहरों में पानी की कमी, सड़कों की खराब स्थिति और गौशालाओं की व्यवस्थाएं शामिल थीं। सदस्यों ने इन मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
अधिकारियों ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में पोस्टमार्टम हाउस की अव्यवस्था भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा रही। सदस्यों ने बताया कि वहां तैनात डॉक्टर शाम 4 बजे पहुंचते हैं, जिससे परिजनों को लंबे समय तक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि पोस्टमार्टम हाउस में नियुक्त डॉक्टर सुबह 10 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। अधिकारियों ने इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक का माहौल गंभीर और समस्या समाधान केंद्रित रहा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।






