लखीमपुर
तिकुनिया कांड के गवाह को कोर्ट परिसर में खालिस्तानी कहने पर हंगामा हो गया। गवाह के हाथ पर बने एक टैटू को देखकर बचाव पक्ष के वकील पर ऐसा कहने का आरोप लगा है। पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई है।
देश के चर्चित तिकुनिया कांड के गवाह से कोर्ट परिसर में आरोपी पक्ष के वकील का विवाद हो गया। विवाद भी ऐसी बात पर हुआ की हर कोई जानकर हैरान रह जायेगा। दरअसल, इस वक्त कोर्ट में गवाही का दौर चल रहा है। 23वें गवाह बलजीत सिंह तीन दिन से कोर्ट में गवाही के लिए पेश हो रहे हैं। पीड़ित का आरोप है की शुक्रवार को कोर्ट में गवाही हो गई थी हस्ताक्षर के लिए रुके थे तभी पूर्व गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के आरोपी बेटे आशीष मिश्र के वकील अवधेश सिंह ने बलजीत सिंह के हाथ में बने धार्मिक टैटू पर टिप्पणी कर दी।बलजीत का कहना है की विपक्ष के वकील ने उनके हाथ में बने धार्मिक टैटू को देखकर कहां की तुम तो खालिस्तानी हो। यह सुनते ही पीड़ित पक्ष के लोग बिफर गए। इसकी शिकायत जज से की। साथ ही पुलिस अधीक्षक से भी की। बलजीत का कहना है की गुरुवार को भी बचाव पक्ष के अधिवक्ता पिस्टल लगाकर आए थे और बार बार उसे दिखाकर धमकाने की कोशिश कर रहे थे। पीड़ित पक्ष का कहना है की वकील कि इस टिप्पणी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने न्याय की मांग की है।

अधिवक्ता ने कहा, आरोप झूठे
___________________________
आशीष मिश्र के वकील अवधेश सिंह का कहना है की बलजीत के बाएं हाथ में राइफल का टैटू बना था। उसे देखकर मैंने पूछा था की ये राइफल है क्या। बाकी और कुछ नहीं कहा मैंने। धार्मिक टैटू पर कुछ नहीं बोला। जहां तक पिस्टल लेकर जाने का आरोप है वो झूठ है।
हाथ पर बना है ये टैटू
______________________
तिकुनिया कांड के गवाह बलजीत सिंह के दाहिने हाथ में धार्मिक टैटू बना है। उन्होंने हथेली के दूसरे साइड पर खंडा का टैटू बनवाया है। इसी टैटू पर विवाद हुआ।
क्या था तिकुनिया कांड ?
_________________________
तिकुनिया में 3 अक्टूबर 2021 को प्रदर्शन कर रहे किसानों पर गाड़ी चढ़ा दी गई थी। इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें तत्कालीन गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र पर गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगा था। मामला वक्त देशभर में चर्चित हुआ था। इसी मामले में अब कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ गवाही चल रही है।






