कौशाम्बी
*आरटीआई कार्यकर्ता पर षड्यंत्र और जान से मारने की धमकी, ग्राम प्रधान और सहयोगियों पर गंभीर आरोप*
ग्राम अवाना आलमपुर के इन्द्रवीर यादव ने ग्राम प्रधान राम सिंह प्रजापति, उनके भाई जय सिंह प्रजापति और कथित भाजपा नेता संजय शुक्ला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इन्द्रवीर का कहना है कि उन्होंने ग्राम विकास में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत आरटीआई के माध्यम से की थी, जिसके बाद से उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
*आरटीआई के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न*
इन्द्रवीर यादव ने 26 जून 2024 को ग्राम विकास कार्यों का विवरण आरटीआई के तहत मांगा था। बार-बार रिमाइंडर भेजने के बावजूद कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने 20 दिसंबर 2024 को हाईकोर्ट प्रयागराज में जन सूचना अधिकारी के खिलाफ याचिका दायर की। इसके बाद ग्राम प्रधान और उनके सहयोगियों ने उनके खिलाफ योजनाबद्ध तरीके से षड्यंत्र रचना शुरू कर दिया।
*फर्जी चैटिंग का षड्यंत्र*
इन्द्रवीर ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान के इशारे पर उनके मित्र सुंदरलाल और उसकी पत्नी ने उनकी छवि खराब करने के लिए एक फर्जी चैटिंग का षड्यंत्र रचा। सुंदरलाल ने इन्द्रवीर का मोबाइल लेकर उनकी पत्नी के नंबर पर अश्लील चैटिंग की और इसे प्रार्थी के खिलाफ सबूत के रूप में पेश करने की कोशिश की।
*जान से मारने की धमकी*
इन्द्रवीर का कहना है कि 23 जनवरी 2025 को संजय शुक्ला ने उन्हें खुलेआम धमकी दी और कहा, “मैंने 2009 में हत्या की है, तुझे भी मारने में देर नहीं करूंगा।” इसके अलावा, आरोपियों ने हथियारों से लैस होकर उन्हें घेरने की भी कोशिश की।
*प्रार्थी ने की सुरक्षा की मांग*
इन्द्रवीर यादव ने पुलिस और प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए ग्राम प्रधान और उनके सहयोगी जिम्मेदार होंगे।

*न्याय की उम्मीद*
यह मामला न केवल भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक व्यक्ति की सुरक्षा का है, बल्कि ग्रामीण राजनीति में व्याप्त दबंगई और भ्रष्टाचार का भी पर्दाफाश करता है। इन्द्रवीर ने अपने संघर्ष को जारी रखने और न्याय पाने का संकल्प लिया है।







