कौशाम्बी
संदीपन घाट थाने के तेरहमील तिराहे के समीप रात बदमाशों ने कारोबारी को घेर कर जमकर पीटा। पिटाई के बाद उसकी जेब में रखा 20 हजार निकाल लिए। चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग और हल्का सिपाही मौके पर पहुंचे। लोगों के सहयोग से पुलिस ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। आरोप है कि थाने ले जा रहे बदमाशों को पुलिसकर्मियों ने रास्ते में छोड़ दिया। इसकी जानकारी होने के बाद पीड़ित कारोबारी ने सोमवार को मामले की शिकायत एसपी से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
गौसपुर गांव निवासी जालिम सिंह कांट्रैक्टर है। वह जेसीबी मशीन आदि किराए पर चलवाता है। जाालिम के अनुसार शनिवार रात वह गौसपुर मोड़ स्थित पेट्रोल पंप पर जेसीबी और ट्रैक्टर में डीजल डलवाने के लिए बाइक से जा रहा था। इसी दौरान तेरहमील तिराहे के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे घेरकर रोक लिया। बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई की। पिटाई के बाद उसकी जेब में रखा बीस हजार रुपया लूट लिया। जालिम के शोर मचाने पर मौके पर जुटे लोगों के साथ हल्का सिपाही ने घेरकर दोनों बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों को सिपाही थाने ले जाने की बात कहकर अपने साथ लेकर गए। आरोप है कि हल्का सिपाही ने रास्ते में लेनदेन कर दोनों को छोड़ दिया। पीड़ित ने थाने जाकर दोनों बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी से करते हुए मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।





