कौशांबी
विकास खंड चायल के चिल्ला शहबाजी गांव के कोटेदार पर कार्डधारकों ने घटतौली और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने तहसील में प्रदर्शन कर सम्पूर्ण समाधान दिवस में कोटेदार के खिलाफ शिकायत की। तहसीलदार ने पूर्ति निरीक्षक को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
चिल्ला शहबाजी गांव के कार्डधारकों ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। उनके गांव का कोटेदार मीतल प्रसाद दबंग किस्म का व्यक्ति है। वह मनमाने तरीके से राशन का वितरण करता है। पहले सभी कार्डधारकों का अंगूठा पॉश मशीन में लगवा लेता है। उसके बाद अपने करीबियों को पहले राशन देता है। वह राशन की घटतौली करने के साथ अभद्रता भी करता है। विरोध करने पर गाली गलौच कर राशन कार्ड निरस्त कराने की धमकी देता है। कार्डधारकों के राशन में दो से तीन किलो की घटतौली करता है। शनिवार को गांव के भोले सिंह, जीतलाल, रामलखन, दिनेश कुमार, रामबरन, गणेशी लाल, फूलचंद, मेहीदेवी, सुरेमन पटेल और शारदा प्रसाद आदि कार्डधारकों ने तहसील पहुंचकर कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस पर कोटेदार के खिलाफ मामले की तहरीर दी। तहसीलदार ने पूर्ति निरीक्षक को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।





