‘पाकिस्तान, बांग्लादेश में 3 तलाक क्यों नहीं?’ पीएम मोदी ने भोपाल रैली में की समान नागरिक संहिता की पुरजोर वकालत

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपाल. ‘अगर तीन तलाक इस्लाम का जरूरी अंग है तो पाकिस्तान, कतर, जॉर्डन, इंडोनेशिया जैसे देशों में क्यों इसको बंद कर दिया?’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को चुनावी राज्य मध्य प्रेदश की राजधानी भोपाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह सवाल उठाया. पीएम मोदी ने यहां समान नागरिक संहिता की वकालत करते हुए पूछा कि ‘एक घर में एक सदस्य के लिए एक कानून हो और दूसरे के लिए दूसरा तो घर चल पायेगा क्या? तो ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा?’

पीएम मोदी ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमें इस विषय का अध्ययन करना चाहिए. मुझे लगता है कि जो भी तीन तलाक के पक्ष में बात करते हैं, जो भी इसकी वकालत करते हैं… वो वोट बैंक के भूखे लोग मुस्लिम बेटियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रहे हैं. उस परिवार की स्थिति की कल्पना कीजिए जिन्होंने अपनी बेटी की शादी करके विदा किया और वह 10 साल बाद वापस आ गई. तीन तलाक से केवल बेटियों पर अन्याय नहीं होता… इससे पूरे परिवार तबाह हो जाते हैं.’

मुस्लिम देशों ने भी लगाया तीन तलाक पर प्रतिबंध
पीएम मोदी ने कहा, यहां तक कि मुस्लिम बहुल देशों ने भी तीन तलाक पर प्रतिबंध लगा दिया है. उन्होंने कहा, ‘मैं परसों मिस्र में था. मिस्र में 90% से ज्यादा लोग सुन्नी समुदाय के हैं. उन्होंने 80-90 साल पहले तीन तलाक को खत्म कर दिया था. अगर तलाक इस्लाम का जरूरी अंग है, तो इन देशों में तीन तलाक क्यों नहीं है? कतर, जॉर्डन, पाकिस्तान, बांग्लादेश, इंडोनेशिया में तीन तलाक क्यों नहीं है?’

ये भी पढ़ें- तीन तलाक, यूसीसी और तुष्टिकरण की राजनीति… MP से विपक्ष पर PM मोदी का प्रहार, 15 प्वॉइंट में जानें

पीएम मोदी ने इसके साथ ही कहा कि भारत के मुसलमान भाई बहनों को ये समझना होगा कि कौन से राजनीतिक दल उनको भड़का कर उनका राजनीतिक फायदा ले रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘हम देख रहे हैं कि यूनिफॉर्म सिविल कोड के नाम पर ऐसे लोगों को भड़काने का काम हो रहा है. एक घर में एक सदस्य के लिए एक कानून हो और दूसरे के लिए दूसरा तो घर चल पायेगा क्या? तो ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा?’

‘तुष्टीकरण नहीं संतुष्टीकरण के रास्ते पर चलेगी बीजेपी’
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा संविधान भी सभी लोगों को समान अधिकारों की गारंटी देता है. यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट भी समान नागरिक संहिता पर जोर दे रहा है. लेकिन ये वोट के भूखे लोग गुमराह कर रहे हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके साथ ही कहा कि बीजेपी ने तय किया है कि वह तुष्टीकरण और वोटबैंक की राजनीति के बजाए ‘संतुष्टीकरण’ के रास्ते पर चलेगी. प्रधानमंत्री यहां देश के विभिन्न राज्यों के अहम शहरों को जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद बीजेपी के ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में कहा, ‘पार्टी कार्यकर्ता बीजेपी की सबसे बड़ी ताकत हैं.’

पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में मध्य प्रदेश की बड़ी भूमिका रही है. उन्होंने कहा, ‘हम वातानुकूलित दफ्तरों में बैठकर आदेश जारी नहीं करते, हम प्रतिकूल मौसम में जनता के बीच जाते हैं.’

उन्होंने कहा, ‘बीजेपी ने तय किया हमें तुष्टिकरण या वोट बैंक के रास्ते पर नहीं चलना है. हम मानते हैं कि देश का भला करने का रास्ता तुष्टिकरण नहीं है. सच्चा रास्ता है, संतुष्टिकरण…. जहां भी बीजेपी की सरकार है वहां हम संतुष्टिकरण के रास्ते पर हैं. यह मेहनत वाला रास्ता होता है, पसीना बहाना पड़ता है.’

प्रधानमंत्री ने इसके साथ ही कहा, ‘भारत को विकसित देश बनाने के लिए गांवों का विकास जरूरी है. हमारा मकसद कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है. कुछ लोग अपनी पार्टी के लिए ही जीते हैं क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार और ‘कमीशन’ में हिस्सेदारी मिलती है.’

Tags: BJP, PM Modi, Triple talaq, Uniform Civil Code

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें