
शिमला. हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के होटकोटी में पब्बर नदी में डूबे 19 साल के युवक का शव 20 घंटे के बाद बरामद कर लिया गया है. युवक पब्बर नदी में नहाने के लिए गया था और इस दौरान डूबने से अब उसकी मौत हो गई है.
जानकारी के अनुसार, शिमला के ठियोग के कुठान गांव से डोम देवता से कुछ लोग रोहड़ू के इस प्रसिद्ध हाटकोटी मंदिर पहुंचे थे. मंदिर के साथ ही कुछ दूरी पर पब्बर नदी है. सोमवार दोपहर 3 बजे के करीब सभी मंदिर में पूजा करने के बाद परंपरा के अनुसार, डूबकी लगा रहे थे. करीब 10-15 लोग नदी में नहाने के लिए उतरे थे. उनके साथ युवक आर्यन भी नहा रहा था. अचानक यह युवक नदी में डूब गया. साथ नहा रहे लोग जब तक उसकी तरफ पहुंचे, तब तक आर्यन नदी में डूब गया.
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई. सोमवार शाम तक मौके पर युवक की तलाश की गई थी, लेकिन उसका कुछ सुराग नहीं मिला था. मंगलवार को युवक की तलाश के लिए गोताखोर बुलाए गए थे. यहां तक कि शिमला के डीसी भी मौके पर पहुंचे हुए थे.
पिता के सामने डूब गया बेटा
बताया जा रहा है कि जिस दौरान युवक आर्यन डूबा, उस दौरान उसके पिता भी मौके पर मौजूद थे. आर्यन के पिता रामलाल ठाकुर अब पुरी तरह से बदवास हैं. बता दें जहां यह युवक डूबा है. वहां, साथ में ही बांध बना हुआ है. बरसात अधिक होने की वजह से नदी में पानी का लेवल भी बढ़ा था. इससे पहले भी यहां कई बार लोगों की डूबने की घटनाएं पेश आई हैं. यहां तक कि प्रशासन ने मौके पर चेतावनी बोर्ड भी लगाया है, जिसमें साफ लिखा है कि नदी में नहाना मना है. लेकिन लोग प्रतिबंध के बाद भी नदी में नहाने जाते रहते हैं.






