Tomato Price Hike: बारिश ने टमाटर में लगाई आग, अलीगढ़ में रेट हुआ 120 रुपए किलो

वसीम अहमद/अलीगढ़. मौसम के बदलते ही टमाटर ने भी अपना रंग लाल कर लिया है. अलीगढ़ के बाजारों में टमाटर के भाव में अचानक हुई बढ़ोतरी से लोग परेशान हैं. एक हफ्ता पहले तक 25 रुपए किलो का बिकने वाला टमाटर अचानक 120 रुपए किलो तक पहुंच गया है. दरअसल, बारिश ने टमाटर की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है, जिसकी वजह से टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं.

अलीगढ़ जमालपुर इलाके पर सब्जी बेचने वाले दुकानदार सलीम बताते हैं कि बारिश होने की वजह से टमाटर बर्बाद हुआ है. अगर ऐसे ही बारिश का सिलसिला जारी रहा तो टमाटर अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ देगा. अचानक टमाटर की कीमतों में आई तेजी से अब टमाटर 120 रुपए किलो हम बेच रहे हैं. हम अपना किराया भाड़ा और खर्च काटकर बमुश्किल टमाटर पर 2 से 3 रुपए प्रति किलो बचा पा रहे हैं.

टमाटर और सब्जियां खरीदने आईं कस्टमर रुखसाना बेगम बताती हैं कि सब्जियां महंगी होने से और टमाटर की कीमत में लगी आग से सब्जी, दाल और सलाद का स्वाद कम होने लगा है. कुछ दिन पहले अलीगढ़ में नींबू 100 रुपए किलो तक बिका था. अब टमाटर ने भी अपना रंग दिखा दिया है. महंगाई से लगातार रसोई का बजट गड़बड़ा रहा है. सब्जियों में टमाटर के बिना स्वाद नहीं आता. ऐसे में 1 किलो की जगह ढाई सौ ग्राम टमाटर खरीद कर ही काम चलाना पड़ रहा है.

.

FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 13:33 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More