
मोहन ढाकले/बुरहानपुर. बुहरानपुर शहर के 48 वार्ड के अधिकांश हिस्सों में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं. बरसात होने से इन गड्ढों में पानी भरा हुआ है. वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले राहगीर इन गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे है. इन सब घटनाओं के बाद भी प्रशासन की आँखें अब तक बंद है. ताप्ती जल आवर्धन योजना के तहत निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी ने जगह- जगह गड्ढे खोद दिए हैं, इन गड्ढों की मरम्मत नहीं होने के कारण इस तरह के हालात बन गए हैं.
सड़कों पर हो रहा है जलभराव
गड्ढों के कारण सड़कों पर जलभराव के हालात बन गए है. वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जिसको लेकर अब शहर के लोगों ने जिम्मेदार अफसरों से गड्ढों की मरम्मत करने की गुहार लगाई है.
शहर के 3 वार्डों मे सबसे अधिक गड्ढे
शहर के सिंधीपुरा, बुधवारा और मंडी बाजार क्षेत्र में सबसे अधिक गड्ढे होने के कारण इन गड्ढों में जलभराव के हालात बन रहे हैं. मुख्य मार्ग होने से वाहन भी इन गड्ढों में फस रहे हैं और लोग भी गिरने से घायल हो रहे हैं.
3 महीने पहले खोदे थे गड्ढे
ताप्ती जल आवर्धन योजना के तहत निर्माण कंपनी ने 3 माह पहले से गड्ढे खोदे हैं, लेकिन अभी तक भी इन गड्ढों की मरम्मत नहीं हो पाई है. जिसको लेकर अब शहर के लोगों ने जिला कलेक्टर से इस ओर ध्यान देकर गड्ढों की मरम्मत और जल जमाव के हालात से निजात दिलाने की गुहार लगाई है.
कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को गड्ढों की मरम्मत के दिए निर्देश
कलेक्टर भव्या मित्तल के सामने जब यह समस्या आई तो कलेक्टर ने तुरंत ही निर्माण कार्य करने वाली कंपनी के अफसरों को गड्ढों की मरम्मत करने के निर्देश दिए. अब देखना यह होगा कि क्या कलेक्टर के निर्देश के बाद गड्ढों की मरम्मत होती है या इसी तरह से शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.
.
Tags: Latest hindi news, Local18, Madhyapradesh news
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 10:25 IST






