
नई दिल्ली. भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग (Pakistan High Commission) के एक वरिष्ठ राजनयिक को तलब करके पड़ोसी देश में सिख समुदाय (Sikh community) के सदस्यों पर हमलों की हालिया घटनाओं पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है. सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी. सूत्रों ने कहा कि अप्रैल से जून के बीच ऐसी चार घटनाएं हुई हैं और भारत ने इन हमलों को गंभीरता से लिया है.
एक सूत्र ने कहा, ‘भारत ने मांग की है कि पाकिस्तानी अधिकारी सिख समुदाय पर हुए इन हिंसक हमलों की ईमानदारी से जांच कराएं और रिपोर्ट साझा करें.’ सूत्र ने कहा, ‘यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान को अपने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए, जो लगातार धार्मिक उत्पीड़न के डर में जी रहे हैं.’
पाकिस्तान में टारगेट किलिंग पर भारत ने जताई चिंता
पाकिस्तान में सिख समुदाय और अल्पसंख्यकों पर लगातार हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं. इन पर भारत ने गहरी चिंता जताते हुए लोगों की सुरक्षा करने का आग्रह किया है. पेशावर में ही बीते दिन में सिखों पर हमले की दूसरी घटना सामने आई है. यहां 24 जून को इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रांत (ISKP) के बंदूकधारियों ने मनमोहन सिंह (35) नाम के एक सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
पाकिस्तान सरकार से तुरंत कार्रवाई करने को कहा
भारत ने इन घटनाओं पर पाकिस्तान सरकार से तुरंत कार्रवाई करने और उसकी रिपोर्ट साझा करने को कहा है. इससे पहले पेशावर के राशिद गढ़ी इलाके में सिख दुकानदार तरलोक सिंह पर हमला हुआ था. अपने दुकान के बाहर बैठे तरलोक सिंह पर हमलावरों ने फायरिंग की थी. इसके बाद हमलावर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे.
.
Tags: Pakistan High Commission, Sikh Community
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 22:47 IST





