MP में इस जिले के 3 स्टेशनों पर रुकेगी वंदे भारत ट्रेन, भोपाल से जबलपुर जाते वक्त किराया भी ज्यादा

दुर्गेश सिंह राजपूत/नर्मदापुरम: भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से जबलपुर तक वंदे भारत ट्रेन मंगलवार 27 जून से पटरियों पर दौड़ने लगेगी. खास बात यह है कि भोपाल से जबलपुर के बीच पड़ने वाले जिन चार स्टेशनों पर इसका हॉल्ट रहेगा, उनमें से तीन स्टेशन मध्य प्रदेश के एक ही जिले में आते हैं.

भोपाल-जबलपुर वंदे भारत ट्रेन 27 जून को रानी कमलापति स्टेशन से निकलकर जबलपुर पहुंचेगी. अपने सफर के दौरान यह बीच के चार स्टेशनों पर हॉल्ट लेगी. इनमें नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया और नरसिंहपुर स्टेशन शामिल हैं. नरसिंहपुर को छोड़ बाकी तीनों स्टेशन नर्मदापुरम जिले में आते हैं.

इसे लेकर नर्मदापुरम जिले के लोग काफी उत्साहित हैं. भोपाल-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्री 28 जून से यात्रा करने के लिए अपने टिकट की बुकिंग करा सकेंगे और सफर का लुत्फ उठा सकेंगे, क्योंकि 27 जून को पीएम मोदी इस ट्रेन का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान यह विशेष ट्रेन के रूप में चलाई जाएगी.

भोपाल से जबलपुर जाने पर ज्यादा किराया
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन से भोपाल से जबलपुर जाने वाले यात्रियों को किराया ज्यादा देना होगा. कारण यह है कि बुधनी घाट सेक्शन से जबलपुर जाने वाली वंदे भारत ट्रेन को 6 किलोमीटर अधिक घूमना पड़ेगा. इसकी वजह से यात्रियों को चेयरकार का 95 रुपए और एग्जीक्यूटिव चेयरकार में सफर करने के लिए टिकट में 90 रुपए अतिरिक्त चुकाने होंगे. वहीं जबलपुर से रानी कमलापति तक का सफर करने में यात्रियों का किराया कम होगा.

साढ़े चार घंटों में सफर पूरा
वंदे भारत एक्सप्रेस भोपाल से जबलपुर के बीच 330 किलोमीटर का सफर 4 घंटे 35 मिनट में तय करेगी. जबकि रानी कमलापति से जबलपुर के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस को यह दूरी तय करने में 5 घंटे 5 मिनट लगते हैं. वहीं अन्य एक्सप्रेस और सुपरफास्ट गाड़ियों में 6 घंटे से अधिक का समय लगता है. रानी कमलापति से जबलपुर रूट पर चलने वाली यह पहली ट्रेन होगी, जो इतने कम समय में 330 किलोमीटर का सफर तय करेगी.

ट्रेन का शेड्यूल जारी
भोपाल मंडल के डीआरएम पीआरओ सूबेदार सिंह ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस 27 जून को रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होगी, जिसका टाइम टेबल जारी किया गया है. 28 जून से ट्रेन अपने नियमित टाइम टेबल के साथ चलेगी. आइए जानते हैं भोपाल और जबलपुर से अन्य स्टेशनों के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा करने के लिए आपको कितने रुपये का टिकट खरीदना होगा.

भोपाल से वंदे भारत ट्रेन का किराया
– रानी कमलापति से नर्मदापुरम स्टेशन: चेयरकार का टिकट -425 रुपए, एग्जीक्यूटिव चेयरकार- 810 रुपए
– रानी कमलापति से इटारसी: चेयरकार- 650 रुपए, एग्जीक्यूटिव चेयरकार- 1070 रुपए
– रानी कमलापति से पिपरिया: चेयरकार- 745 रुपए, एग्जीक्यूटिव चेयरकार- 1265 रुपए
– रानी कमलापति से नरसिंहपुर: चेयरकार- 910 रुपए, एग्जीक्यूटिव चेयरकार- 1600 रुपए
– रानी कमलापति से जबलपुर: चेयरकार- 1050 रुपए, एग्जीक्यूटिव चेयरकार- 1880 रुपए

जबलपुर से वंदे भारत ट्रेन का किराया
– जबलपुर से नरसिंहपुर: चेयरकार- 425 रुपए, एग्जीक्यूटिव चेयरकार- 820 रुपए
– जबलपुर से पिपरिया: चेयरकार- 690 रुपए, एग्जीक्यूटिव चेयरकार- 1265 रुपए
– जबलपुर से इटारसी-चेयरकार: 810 रुपए, एग्जीक्यूटिव चेयरकार- 1510 रुपए
– जबलपुर से नर्मदापुरम: चेयरकार- 830 रुपए, एग्जीक्यूटिव चेयरकार- 1560 रुपए
– जबलपुर से रानी कमलापति: चेयरकार- 955 रुपए, एग्जीक्यूटिव चेयरकार- 1790 रुपए

Tags: Bhopal news, Local18, Train news, Vande bharat train

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More