‘राम तेरी गंगा मैली’ फेम मंदाकिनी ने दिए फिल्मों में वापसी के संकेत, कन्नौज में युवाओं से कहीं ये बड़ी बात


अंजली शर्मा/कन्नौज. करीब 37 साल पहले फिल्म जगत में आगाज करने वाली मशहूर फिल्म अभिनेत्री मंदाकिनी को आज भी फैन्स याद करते हैं. फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री मंदाकिनी की चर्चा अभी भी होती है. जिस तरह से उस फिल्म में मंदाकिनी ने रोल किया था जिसको लेकर उनको कई अवॉर्ड भी मिले थे. जिसके बाद उनका फिल्मी करियर चमक उठा था. लेकिन मंदाकिनी ने शादी के बाद फिल्मी जगत को अलविदा कह दिया था. करीब 26 साल बाद एक बार फिर से मंदाकिनी ने फिल्मों में वापसी के संकेत दिए हैं.

फिल्म अभिनेत्री मंदाकिनी ने कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र में एक ब्यूटी पार्लर सेंटर का उद्घाटन किया और वहीं पत्रकारों से बात करते हुए मंदाकिनी ने कई मुद्दों पर खुलकर बात कीं. उन्होंने कहा कि वे एक प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं और जल्द ही फिल्मी दुनिया में वापसी कर सकती हैं. वहीं यूपी में बन रही फिल्म सिटी को लेकर भी मंदाकिनी ने कहा कि आनेवाले समय में ही पता चलेगा इस फिल्म सिटी से क्या कुछ मिलता है.

युवाओं को दी ये सलाह

फिल्म अभिनेत्री मंदाकिनी ने फिल्म जगत को लेकर एक ऐसा बयान दिया जो अब चर्चा का विषय बन रहा है. कन्नौज में युवाओं के द्वारा फिल्मी जगत में जाने को लेकर उन्होंने कहा कि फिल्म जगत में जाने के लिए अगर सही तरीके से जुड़ना पड़े तो जुड़ें. लेकिन अगर फिल्म जगत में जुड़ने के लिए कुछ ऐसी चीजें करनी पड़ें, जो नहीं करनी चाहिए तो इस फिल्मी दुनिया से बिल्कुल भी न जुड़ें.

गंगा सफाई पर बोलीं

राम तेरी गंगा मैली हो गई पापियों के पाप धोते-धोते… वाले सॉन्ग से मंदाकिनी ने मुख्य पहचान पाई थी. मंदाकिनी से जब गंगा सफाई के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अगर किसी फिल्म से गंगा की सफाई हो सकती है तो अच्छी बात है.

कब हुई थी फिल्मी सफर की शुरुआत

मंदाकिनी ने 1985 में अपनी फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. 1985 में उन्होंने दो फिल्में ‘आर पार’ और ‘राम तेरी गंगा मैली’ की थीं. राज कपूर के डायरेक्शन में बनी ‘राम तेरी गंगा मैली’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई. इस फिल्म ने मंदाकिनी के करियर को नया मुकाम दे दिया. ‘मेरा साथी’ से शुरू हुआ मंदाकिनी का करियर 1996 में ‘जोरदार’ के साथ खत्म हो गया था.

Tags: Bollywood news, Kannauj news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More