
ईशा बिरोरिया/ऋषिकेश:उत्तराखंड में योगनगरी ऋषिकेश अपनी सुंदरता के लिए लोगों के बीच काफी मशहूर है. हर साल हजारों की संख्या में लोग यहां घूमने आते हैं. घूमने आने वाले सभी पर्यटकों को यहां का खानपान भी काफी पसंद आता है. वैसे तो ऋषिकेश में कई सारे कैफे हैं, जहां अनेकों प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे जाते हैं लेकिन हम आपको एक ऐसे कैफे के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आपको अनेकों प्रकार के स्वादिष्ट व पौष्टिक व्यंजन खाने को मिलेंगे, जिन्हें बनाने में पहाड़ी उत्पादों का प्रयोग किया जाता है.
स्वादिष्ट व पौष्टिक व्यंजन
ऋषिकेश के तपोवन में स्थित प्योर सोल कैफे अपनी सुंदरता और पहाड़ी उत्पादों से बने स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए सभी के बीच काफी मशहूर है. देश ही नहीं बल्कि विदेशों से ऋषिकेश घूमने आने वाले पर्यटक भी यहां इन पहाड़ी उत्पादों से बने व्यंजनों का स्वाद लेना काफी पसंद करते हैं. लोकल 18 के साथ हुई बातचीत के दौरान प्योर सोल कैफे के मालिक कमल सजवाण बताते हैं कि उन्होंने इस कैफे की शुरुआत 2016 में की थी. इस कैफे को खोलने के पीछे उनका उद्देश्य था कि देश विदेश में पहाड़ी उत्पादों के स्वाद को सभी के बीच प्रचलित किया जाए और साथ ही सभी को स्वादिष्ट के साथ ही पौष्टिक व्यंजन परोसा जाए.
पहाड़ी उत्पादों के प्रयोग से बनाए जाते है लजीज पकवान
कमल बताते हैं कि सभी लोग यहां का स्वाद काफी पसंद करते हैं. वहीं कुछ लोग तो ब्रेकफास्ट,लंच और डिनर करने यहीं आते हैं. यहां उन्हें किसी भी तरह का कोई भी प्रिजर्वेटिव फूड आइटम नहीं परोसा जाता. वह बताते हैं कि इस कैफे में मिलने वाले पिज्जा का बेस, सैंडविच में इस्तेमाल होने वाले ब्रेड भी उन्हीं के द्वारा मंडुवे के आटे से बनाए जाते हैं. वहीं यहां कोई बासमती चावल नहीं बल्कि सेहत के लिए लाभदायी झुअर (पहाड़ी चावल) परोसा जाता है. साथ ही वह जरूरत की हर सब्जी फार्म से मंगवाते हैं. वहीं ड्रिंक्स में इस्तेमाल होने वाला पुदीना भी वह अपने छोटे से गार्डन में उगाते हैं और कैफे में उसी का प्रयोग करते हैं.
कैफे की कस्टमर एलेशा बताती हैं कि उन्हें यहां के व्यंजनों का स्वाद काफी पसंद आया. उन्होंने यहां मंडुवा का बना पिज्जा खाया, जो उन्हें काफी स्वादिष्ट और क्रिस्पी लगा. वहीं निखार बताती हैं कि उन्हें भी यहां का पिज्जा काफी अच्छा लगा. वह अगली बार फिर से यहां का पिज्जा जरूर खाना चाहेंगी.
.
Tags: Hindi news, Local18, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 18:35 IST






