
नई दिल्ली. साल 1973 में रिलीज हुई फिल्म जंजीर ने अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) को रातोंरात सुपरस्टार बना दिया था. बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी. मूवी में इंस्पेक्टर विजय का किरदार निभाने के बाद अमिताभ बच्चन ‘एंग्री यंग मैन’ के नाम से मशहूर हुए. इस फिल्म ने उनकी किस्मत को ऐसा चमकाया कि फिर उनके करियर की गाड़ी कभी रुकी नहीं, लेकिन अमिताभ से पहले ‘जंजीर’ तीन सुपरस्टार को ऑफर हुई थी. जब सबने फिल्म करने में अपनी दिलचस्पी नहीं दिखाई, तो ये फिर अमिताभ बच्चन को मिली थी. ‘जंजीर’ ने अमिताभ बच्चन के करियर को चमकाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. क्योंकि इससे पहले उन्होंने कई फिल्मों में काम किया था और सभी की सभी बुरी तरह पिट गई थी.
अमिताभ बच्चन की जंजीर एक क्राइम-एक्शन फिल्म थी, जिसे डायरेक्ट और प्रोड्यूस प्रकाश मेहरा ने किया था. फिल्म की कहानी सलीम-जावेद की जोड़ी ने लिखी थी. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, धर्मेंद्र ने प्रकाश मेहरा से इस फिल्म में काम करने की इच्छा जाहिर की थी, लेकिन वह उन दिनों दूसरी फिल्मों में बिजी थे. देरी होने के चलते प्रकाश मेहरा ने देव आनंद को लेकर फिल्म बनाने का फैसला किया, लेकिन जब प्रकाश ने देव आनंद को फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाई, तो उन्होंने कहा कि इसमें गाने डाल दो. इस पर प्रकाश ने कहा कि फिल्म के हीरो का किरदार ऐसा है कि इसमें गाने अच्छे नहीं लगेंगे.
देव आनंद और राज कुमार ने ठुकरा दी थी फिल्म जंजीर
जब देव आनंद के साथ बात नहीं बन पाई तो फिर प्रकाश मेहरा, राज कुमार के पास गए और उन्हें जंजीर फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाई. एक्टर ने शर्त रखी कि इस फिल्म की शूटिंग हैदराबाद में होनी चाहिए. यहां भी बात नहीं बनी. इसके बाद प्राण ने प्रकाश मेहरा को महमूद की फिल्म बॉम्बे टू गोवा देखने की सलाह दी, जिसमें अमिताभ बच्चन ने शानदार काम किया था. जब प्रकाश मेहरा ने फिल्म देखी, तो वह खुशी से झूम उठे और तय कर लिया कि इंस्पेक्टर विजय के लिए वह अमिताभ बच्चन को कास्ट करेंगे. इस तरह फिल्म जंजीर अमिताभ बच्चन को मिली थी.
‘जंजीर’ के बाद अमिताभ बच्चन ने दीं कई सुपरहिट फिल्में
बता दें कि फिल्म जंजीर में जया बच्चन, प्राण, ओम प्रकाश, अजीत खान और बिंदू देसाई जैसे सितारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थी. इसके बाद अमिताभ बच्चन ने ‘शोले’, ‘दीवार’, ‘अमर अकबर एंथोनी’, ‘त्रिशूल’, ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘काला पत्थर’, ‘कालिया’, ‘नसीब’, ‘नमक हलाल’, ‘दोस्ताना’, ‘शक्ति’, ‘शहंशाह’ और ‘अग्निपथ’ जैसी फिल्मों में काम किया और सभी की सभी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थीं.
.
Tags: Amitabh Bachachan, Bollywood, Dev Anand, Dharmendra, Entertainment news.
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 14:18 IST






