Bikaner Gangrape: आरोपी का पुलिसवालों संग डांस का वीडियो वायरल, तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन


हाइलाइट्स

दलित छात्रा से बलात्कार और हत्या का मामला
मुख्य आरोपी दिनेश विश्नोई का पुलिसकर्मियों के साथ डांस का वीडियो वायरल
पुलिस के जांच पर उठ रहे सवाल
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

मनीष कुमार शर्मा

बीकानेर. राजस्‍थान के बीकानेर जिले के खाजूवाला में दलित युवती से गैंगरेप और हत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. मामले को लेकर लगातार गतिरोध बरकरार है. तीसरे दिन भी पुलिस और परिजनों के बीच किसी प्रकार की सहमति नहीं बन सकी है. खाजूवाला का संपूर्ण बाजार और धान मंडी बंद रहेगी. साथ ही बार एसोसिएशन ने भी कार्य का बहिष्कार करते हुए समर्थन देने का ऐलान किया है. परिजन लगातार आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं. इस बीच, दलित युवती से गैंगरेप और हत्‍या के आरोपी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसे पुलिसवालों के साथ नाचते हुए देखा जा सकता है.

कोचिंग छात्रा से गैंगरेप और उसके बाद उनकी हत्या के मामला अभी तक शांत नहीं हुआ है. मृतका का अंतिम संस्कार अब तक नहीं हो पाया है. परिजनों ने एक ओर पुलिस पर शव उठाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है तो वहीं पुलिस अधिकारी भी इस मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं है. घटना के दूसरे दिन ही बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश और एसपी तेजस्विनी गौतम मौके पर पहुंचे और ज्यादातर मांगों पर सहमति बनने का दावा भी किया. परिजनों ने साफ तौर पर पुलिस की सहमति के दावों को नकार दिया है.

अब तक नहीं हो सका अंतिम संस्कार
परिजनों का कहना है कि उन्होंने सिर्फ पोस्टमार्टम करवाने की सहमति दी थी. जब तक दो पुलिसकर्मियों सहित तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक मृतका का शव वो नहीं लेंगे और न ही अंतिम संस्कार करेंगे. दूसरी ओर अब इस मामले पर सियासत भी गरमा गई है. बीजेपी की एक टीम शुक्रवार को खाजूवाला पहुंच सकती है. मामला बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पुलिस की तैनाती बढ़ा दी है.

आरोपी का पुलिस वालों संग वीडियो वायरल
छात्रा के साथ गैंगरेप और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी का पुलिस वालों संग वीडियो वायरल हो रहा है. आरोपी दिनेश विश्नोई पुलिस कर्मियों संग डांस करते हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है. वहीं वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के जांच पर भी अब सवाल उठने लगे हैं. गौरतलब है की तीन दिन पहले एक दलित युवती से दो पुलिस कर्मियों सहित एक मुख्य आरोपी दिनेश ने गैंग रेप कर हत्या कर दी थी.

Tags: Bikaner news, Gangrape and murder, Rajasthan news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More