Special Olympics: वर्ल्ड गेम्स 2023 में छाए भारतीय एथलीट, 4 गोल्ड मेडल जीते 

बर्लिन. भारतीय खिलाड़ी स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड समर गेम्स 2023 में दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं. भारत ने वर्ल्ड गेम्स 2023 में अब तक 4 गोल्ड मेडल जीत लिए हैं. भारत के लिए पहला गोल्ड गीतांजलि नागवेकर ने 800 मीटर लेवल सी रेस मे जीता. गीतांजलि के अलावा मंगलवार को 3 अन्य भारतीयों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया.

ओलंपियापार्क के हंस-ब्रौन-स्टैडियन में सुबह-सुबह गीतांजलि ने बेहतरीन शुरुआत कर सोना अपने नाम किया. गीतांजलि ने 4:31:40 मिनट का समय निकाला. वह दूसरे स्थान पर रही अपनी प्रतिद्वंद्वी से लगभग आठ सेकेंड आगे रहते हुए विजेता बनीं. कुछ ही समय बाद, भारत ने पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा में एक रजत पदक भी जीता. सुबह के सत्र में हुई भारी बारिश के कारण एथलेटिक्स ट्रैक पर कुछ समय के लिए स्पर्धाएं आयोजित नहीं हो सकीं. इसके बाद पूरा फोकस बर्लिन में स्थित इंडोर एरेनास में स्थानांतरित हो गया.

भारतीय एथलीट हैंडबॉल, बैडमिंटन, पावर लिफ्टिंग, तैराकी और रोलर स्केटिंग में एक्शन में थे. स्विमिंग पूल में दिनेश शनमुगम ने पुरुषों की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक (लेवल ए) स्पर्धा में 46.59 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक अपने नाम किया. बाद में माधव ने 25 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में भारतीय दल के लिए स्वर्ण पदक भी पक्का किया. असली हाइलाइट हालांकि रोलर-स्केटिंग रिंक से आया, जहां भारतीय एथलीटों ने पूरे दिन में आठ पदक (2 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य) जीते.

भारतीय एथलीटों ने 30 मीटर स्ट्रेट लाइन में कुछ शानदार प्रदर्शन किए और फिर 500 मीटर रेस में भी अपनी चमक दिखाई. बड़ी संख्या में आए उत्साही दर्शकों के बीच सरस्वती स्वर्ण जीतने वाली पहली महिला बनीं. वह शुरू से ही अपने प्रतिस्पर्धियों से आगे रहीं. उन्होंने न सिर्फ रेस की अच्छी शुरुआत की बल्कि अंत तक आगे रहते हुए अपना वर्चस्व स्थापित किया. हरियाणा के एथलीट ने छह महीने पहले केवल ब्लेड की एक जोड़ी पहनी थी. सरस्वती को हमेशा ही शुरुआत से ही बड़ी सफलता हासिल करने वाली एथलीट के रूप में देखा जाता रहा है.

तीन रेस के बाद भारतीय दल के लिए एक और अच्छी खबर आई. 500 मीटर दौड़ में ही दो भारतीयों- दीपेन प्रकाश सखरानी और एंजेलिना मैरी पुसिन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. दीपेन और एंजेलिना ने लगभग बराबरी की शुरुआत की. दीपेन शुरुआती 100 मीटर के बाद आगे बढ़ते हुए दिखे और फिर धीरे-धीरे लीड स्थापित करने लगे. 400 मीटर से अधिक दूरी तक लगा कि भारत के दोनों एथलीट पोडियम फिनिश करेंगे लेकिन अंतिम समय में एंजेलिना पिछड़ गईं और उन्हें चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा लेकिन दीपेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता.

इस बीच, भारत ने पावरलिफ्टिंग में भी छह पदक जीत लिए हैं. तुषार नाथ सिंह ने पुरुषों के 74 किग्रा बेंच प्रेस में रजत पदक जीता और फिर पुरुषों के 74 किग्रा डेडलिफ्ट में कांस्य पदक जीता. जंकी पहाड़िन ने महिलाओं के 52 किग्रा बेंच प्रेस, 52 किग्रा स्क्वाट, 52 किग्रा डेडलिफ्ट और कंबाइंड इवेंट में चार रजत पदक भी जीते.

Tags: Sports news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More