
गोपालगंज. गोपालगंज पुलिस ने नकली पुलिस बनकर नेशनल हाईवे पर वाहन चालकों से अवैध वसूली करने और रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. ये कार्रवाई कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलबनवा गांव के पास एनएच-27 पर की गयी है. गिरफ्तार अपराधी इतने शातिर हैं कि रात के अंधेरे में वाहन में पुलिस की पोलो बत्ती लगाकर गले में आईकार्ड पहनकर वसूली करते थे.
पुलिस ने जिन चार शातिर अपराधियों को अरेस्ट किया है इनकी करतूत सुनेंगे तो आप भी हैरान रह जाएंगे. पुलिस भी इनकी गिरफ्तारी के बाद खुलासे को जानकर हैरान है. दरअसल, ये अपराधी रात के अंधेरे में नेशनल हाइवे पर पुलिस बनकर वसूली करते थे. लेकिन इसबार इनका दांव उल्टा पड़ गया और असली पुलिस से इनका सामना हो गया. असली पुलिस को देख बोलेरो सवार अपराधी सायरन बजाते हुए भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार अपराधियों के पास से चोरी का बोलेरो वाहन, पोलो लाइट, 5 मोबाइल और 8 पुलिस का डंडा बरामद किया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ किया तो कई चौंकाने वाला खुलासा हुआ. प्रशिक्षु डीएसपी और कुचायकोट केसह थानाध्यक्ष साक्षी राय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि यूपी-बिहार के बॉर्डर इलाके में फर्जी पुलिस बनकर वाहन चालकों से अवैध वसूली की जा रही है.
सूचना मिलते ही एसपी स्वर्ण प्रभात ने प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष साक्षी राय के नेतृत्व में टीम का गठन किया. पुलिस टीम ने कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलबनवा के पास एनएच-27 पर नाकेबंदी कर फर्जी पुलिस बनकर वसूली करने वाले बोलेरो सवार चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के भटवा परशुराम निवासी मनु उपाध्याय, रोहन कुमार, अतुल कुमार और सिरिसिया बाजार निवासी राजकुमार प्रसाद के रूप में की गई है. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सभी अपराधियों को पुलिस ने जेल भेज दिया. नेशनल हाईवे पर फर्जी पुलिस बनकर रंगदारी और अवैध वसूली करने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उम्मीद जता रही है कि जिले में अपराध की घटनाओं में कमी आएगी.
.
Tags: Bihar crime news, Gopalganj news, Gopalganj Police
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 16:49 IST






