OMG! ड्राइवर हुआ बेहोश तो 100 की स्पीड में दौड़ने लगी बस, यात्रियों में मची चीख-पुकार और फिर…

पवन सिंह कुंवर/ हल्द्वानी.उत्तराखंड के हल्द्वानी में परिवहन निगम की एक बस मंगलवार को अचानक 100 की स्पीड में सड़क पर दौड़ने लगी, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. यह घटना उस समय की है, जब हल्द्वानी से दिल्ली जा रही रोडवेज बस का चालक संदिग्ध हालत में बेहोश हो गया. इससे बस अनियंत्रित होकर टांडा जंगल रोड पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड में दौड़ने लगी. बस में 55 से ज्यादा यात्री सवार थे. गाड़ी को अनियंत्रित देख उनमें चीख-पुकार मच गई. गनीमत रही कि बस में CISF के एक असिस्टेंट कमांडेंट भी सवार थे, जिन्होंने सतर्कता बरतते हुए तत्काल चालक को स्टेयरिंग से हटाया और बस को सड़क किनारे लगाकर ब्रेक मार कर रोक दिया. जिसके बाद बस में सवार लोगों ने राहत की सांस ली. बस में बैठे यात्रियों का आरोप है कि बस चालक और कंडक्टर दोनों नशे में थे.

मिली जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी में ही बस चालक ने एक दुकान के पास बस रोकी और कुछ सामान लिया. जिसके बाद हल्द्वानी से बस रुद्रपुर की ओर चल पड़ी. टांडा जंगल स्थित नैनीताल रोड पर अचानक बस अनियंत्रित हो गई और 100 की स्पीड से सड़क पर दौड़ने लगी. दरअसल बस का चालक स्टेयरिंग पर बेहोश हो गया था. इससे बस सड़क पर अनियंत्रित हो गई. चालक के स्टेयरिंग पर लेट जाने और तेज रफ्तार अनियंत्रित बस से उसमें सवार यात्रियों के होश उड़ गए. बस में चीख पुकार मचनी शुरू हो गई. यह देख बस में सवार CISF के असिस्टेंट कमांडेंट सोनू शर्मा अपनी सीट से उठे और चालक की सीट तक पहुंचे.

इस दौरान उन्होंने फौरन कंडक्टर और अन्य यात्रियों की मदद से पहले चालक को सीट से हटाया. इसके बाद सोनू से खुद चालक की सीट संभाली और बस को कंट्रोल में करते हुए उसे सड़क किनारे रोक दिया. जिसकेबाद डरे सहमे यात्री एक के बाद एक बस से उतर आए. सूचना पर उत्तराखंड रोडवेज के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ पुलिस भी वहां पहुंच गई.

असिस्टेंट कमांडेंट सोनू शर्मा ने बताया कि वर्तमान में वह CISF में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं. उनका असिस्टेंट कमांडेंट के लिए चयन हुआ है. 26 जून से उनकी ट्रेनिंग होनी है. वह अपनी पत्नी और बच्चों को ससुराल में छोड़ते हुए इस बस से दिल्ली जा रहे थे. ड्राइवर के अचानक बेहोश हो जाने के बाद उन्होंने फौरन स्टेयरिंग अपने हाथ में लेकर ब्रेक लगा दिए. गनीमत रही कि इस दौरान बस किसी दूसरी गाड़ी से नहीं टकराई वरना बड़ा हादसा हो सकता था.

ऊधम सिंह नगर के एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी ने इस घटना के बारे में कहा कि उन्होंने पंतनगर थाना पुलिस को मौके पर भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. चालक का मेडिकल कराया जा रहा है. नशे की हालत में पाए जाने पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा. पंतनगर थाना पुलिस ने यात्रियों से भी जानकारी ली है. यात्रियों को दूसरी बस में बैठाने के बाद पुलिस ने उस बस को कब्जे में लिया है. मामले की जांच की जा रही है.

Tags: Ajab Gajab, Hindi news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More