गुप्त नवरात्रि में करें ये 3 उपाय, नौकरी, व्यापार और दांपत्य जीवन में आएगी खुशहाली!


सर्वेश श्रीवास्तव/अयोध्या: सनातन धर्म में नवरात्रि का पर्व पवित्र माना जाता है. वैसे तो साल में 4 नवरात्रि होती हैं, जिसमें दो गुप्त नवरात्रि हैं. एक आषाढ़ माह में तो दूसरी माघ महीने में होती है. इस बार आषाढ़ माह की नवरात्रि की शुरुआत 19 जून से हो चुकी है, जो 28 जून को समाप्त होगी. धार्मिक मान्यता के मुताबिक गुप्त नवरात्रि के दिन साधकों के लिए बहुत महत्वपूर्ण माने जाते हैं.

गुप्त नवरात्रि में 10 महाविद्याओं की विधि विधान पूर्वक पूजा की जाती है. अयोध्या के ज्योतिषाचार्य का कहना है कि गृहस्थ जीवन में गुप्त नवरात्रि के दौरान यदि लोग उपाय करते हैं तो उन्हें नौकरी, व्यापार में उन्नति मिलती है. आर्थिक लाभ होता है, वैवाहिक जीवन में खुशियां आती हैं. अयोध्या के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित कल्कि राम बताते हैं कि तंत्र मंत्र के अलावा तमाम सिद्धियां प्राप्त करने के लिए गुप्त नवरात्रि को शुभ माना गया है. इस दौरान कुछ उपाय करने से जीवन में कई तरह के बदलाव होते हैं.

करियर में सफलता के लिए
ज्योतिषाचार्य के अनुसार, अगर आप करियर में सफलता पाना चाहते हैं तो आपको गुप्त नवरात्रि की नवमी तिथि को 9 कन्याओं को मखाने की खीर खिलाना चाहिए. साथ ही आवश्यकता अनुसार दान-दक्षिणा भी देना चाहिए. दावा किया कि अगर आप ऐसा करते हैं तो जल्दी आपको करियर में सफलता मिलेगी.

धन की प्राप्ति के लिए
अगर आप आर्थिक तंगी से परेशान हैं और धन कमाना चाहते हैं तो गुप्त नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की पूजा आराधना करनी चाहिए. उनके सामने गोमती चक्र रखना चाहिए. इसके अलावा आखिरी दिन सभी गोमती चक्र को लाल कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी में रखना चाहिए. इससे धन बढ़ेगा.

वैवाहिक जीवन में खुशहाली के लिए
यदि किसी कारणवश आपके विवाह में बाधा आ रही है या दांपत्य जीवन में कोई समस्या है तो गुप्त नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा को श्रृंगार का सामान और लाल फूल अर्पित करना चाहिए. ऐसा करने से मां दुर्गा जल्द प्रसन्न होती हैं. अखंड सौभाग्य और खुशहाल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद मिलता है.

(NOTE: इस खबर में दी गई सभी जानकारियां और तथ्य मान्यताओं के आधार पर हैं. NEWS18 LOCAL किसी भी तथ्य की पुष्टि नहीं करता है.)

Tags: Ayodhya News, Local18, Navratri, Up news in hindi

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More