प्रदूषण और तापमान में कमी के लिए लखनऊ में लगाया गया अनोखा वन, PM मोदी ने की तारीफ

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ. भीषण गर्मी और प्रदूषण से लोगों को बचाने के लिए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में वन विभाग ने एक वन लगाया (उगाया) है. इस वन का नाम मियावाकी है. इसकी खासियत है कि इसे कहीं पर भी लगाया जा सकता है. यह जापानी पद्धति का वन है जिससे पर्यावरण को काफी फायदा होता है. इस वन से प्रभावित होकर बीते रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी काफी तारीफ की थी. इसके बाद से यह वन चर्चा का विषय बन गया है.

लखनऊ के डीएफओ रवि कुमार सिंह ने बताया कि मियावाकी वन जापानी पद्धति का है. यह शहरी क्षेत्रों में तापमान को नियंत्रित करता है. इस वन को तैयार करने में ज्यादा वक्त नहीं लगता है. अलीगंज में यह लगभग 700 वर्ग मीटर में फैला हुआ है, जिसमें वन विभाग ने 2,400 पौधे लगाये हैं. सभी पौधे विभिन्न प्रकार के हैं. इनकी ऊंचाई अब 20 फीट से ज्यादा हो चुकी है. वन विभाग ने जापानी पद्धति के मियावाकी वन में कुछ बदलाव करते हुए देसी तरीकों को भी अपनाया है. उन्होंने बताया कि इस वन की खासियत है कि इसे गैर उपजाऊ जमीन पर भी लगाया जा सकता है. लखनऊ शहर में ऐसे दो और वन स्थापित करने की योजना है. उन्होंने बताया कि मियावाकी वन में किसानों के द्वारा जलाई जाने वाली पराली का भी इस्तेमाल किया गया है.

फल, ऑक्सीजन और औषधि मिलेगी

डीएफओ रवि कुमार सिंह ने बताया कि मियावाकी वन में लगाए गए पौधे लोगों को ऑक्सीजन देने के साथ-साथ फल भी देंगे. इस वन से औषधि भी लोगों को प्राप्त हो सकेगी. यह वन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होने वाला है. उन्होंने बताया कि इसे किसी भी शहर के बीचों-बीच लगाया जा सकता है.

प्रधानमंत्री की तारीफ से बढ़ा हौसला

डीएसओ ने बताया कि इस वन की जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में तारीफ की है, तब से वन विभाग के अधिकारियों का हौसला बढ़ गया है. अब इस तरह के मियावाकी वन को ज्यादा से ज्यादा स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है.

Tags: Local18, Lucknow news, PM Modi, Up news in hindi

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें