
पप्पू पांडेय/अमेठी: यूपी के अमेठी में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने बाराबंकी के रहने वाले शातिर स्मैक तस्कर छोटू को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पुलिस को इस कार्रवाई के दौरान आरोपी छोटू के पास से 25 लाख रुपए कीमत का 250 ग्राम स्मैक बरामद हुआ है. अमेठी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तस्कर छोटू को जेल भेज दिया है.
पूरा मामला जगदीशपुर थाना क्षेत्र का है, जहां देर शाम जगदीशपुर थाने की पुलिस और स्वाट टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी कर रही थी. इसी बीच रामगंज चौराहे के पास शातिर स्मैक तस्कर छोटू पुलिस के हत्थे चढ़ गया. तलाशी के दौरान छोटू के पास से 250 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 लाख रुपये बताई जा रही है. 60 वर्षीय स्मैक तस्कर छोटू बाराबंकी के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
पुलिस ने 8/21 एनडीपीएस एक्ट के मुकदमा दर्ज कर छोटू को जेल भेज दिया है. छोटू पर बाराबंकी जिले में भी एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज है. शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार करने वाली टीम में जगदीशपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक हरि बाबू, कांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल अवनीश कुमार, स्वाट टीम के, कांस्टेबल शैलेश चौधरी, कांस्टेबल शिवराम और कांस्टेबल मनीष मिश्रा शामिल रहे.
.
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 20:36 IST






