
राहुल मनोहर/सीकर. चक्रवात तूफान बिपरजॉय ने सीकर में प्रवेश कर लिया है.शनिवार और रविवार को सीकर क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की संभावना है. जिलेभर में शुक्रवार देर रात से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार देर रात शेखावाटी में बिपरजॉय की एंट्री हुई है. बिपरजॉय की एंट्री के साथ ही मौसम विभाग ने सीकर के अनेकों क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है.
जिले में नुकसान की संभावना को देखते हुए नगर परिषद व उपखंड अधिकारियों ने लेटर जारी कर राहत बचाव नंबर जारी किए हैं. इन नंबरों पर कॉल करने पर प्रशासन द्वारा तुरंत राहत कार्य शुरू किया जाएगा.उच्च अधिकारियों ने आदेश जारी कर ग्राम पंचायत स्तर के कार्मिक अधिकारी पटवारी, ग्राम सेवक, लाइनमैन, एएनएम, कृषि पर्यवेक्षक, पशुधन सहायक सहित अनेक विभागीय कर्मचारियों को तूफान के कारण विपरीत परिस्थितियां उत्पन्न होने पर तुरंत राहत बचाव कार्य शुरू करने के आदेश दिए हैं. मौसम विभाग के अनुसार सीकर में तूफान की रफ्तार 30 से 35 किमी प्रतिघंटा रह सकती है. इसके साथ ही जिले भर में रुक रुक कर बारिश भी हो सकती है.
नगर परिषद ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
सीकर नगर परिषद ने अनेकों क्षेत्रों में राहत बचाव कंट्रोल रूम स्थापित किया है.शहरी क्षेत्र में 01572-251101 नंबर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है.आपात स्थिति से निबटने के लिए अधिकारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर जिम्मेदारी सौंपी गई है.
.
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 17:41 IST






