
नई दिल्ली. अरशद वारसी इन दिनों अपनी लोकप्रिय वेब सीरीज ‘असुर 2’ की सफलता एंजॉय कर रहे हैं. यूं तो अरशद वारसी ने अपने करियर के दौरान कई फिल्मों में साइड और लीड दोनों तरह के रोल अदा किए हैं, लेकिन आज भी फैंस उन्हें बतौर ‘सर्किट’ ही याद करते हैं. राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ अरशद वारसी के करियर की सबसे सफल फिल्मों में शामिल है. इस फिल्म ने एक्टर के करियर को एक नई रफ्तार दी थी. लेकिन क्या आप जानते हैं कि असल में अरशद वारसी ‘सर्किट’ बनना ही नहीं चाहते थे.
ये जानकर शायद आपको भी हैरानी होगी कि अरशद वारसी को पहली नजर में ये किरदार बिलकुल भी पसंद नहीं आया था. हाल ही में एक यूट्यूब चैनल को दिए एक इंटरव्यू में एक्टर ने खुलासा किया कि जब उन्हें ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ में ‘सर्किट’ का किरदार ऑफर किया गया था, तो पहली बार में उन्हें ये बिलकुल पसंद नहीं आया था.
किरदार नहीं था पसंद-
अरशद वारसी आगे कहते हैं कि भले ही उन्हें अपना किरदार पसंद नहीं आया था, लेकिन उन्हें फिल्म अच्छी लगी थी. साथ ही वह राजकुमार हिरानी को बतौर व्यक्ति भी काफी पसंद करते हैं जिस वजह से वह उनके साथ काम करना चाहते थे. हालांकि, उन्हें लगा था कि अगर फिल्म सफल भी रही तो उनके किरदार को कोई नोटिस नहीं करेगा.
‘सर्किट’ में किए बदलाव-
अरशद वारसी के मुताबिक उन्होंने राजकुमार हिरानी और फिल्म के निर्माता विधु विनोद चोपड़ा से कहा था कि फिल्म अगर सफल भी रही तो उनके किरदार को कोई खास पहचान तो ऐसे भी नहीं मिलेगी, लेकिन वह अपने किरदार को अपने तरीके से निभाना चाहते हैं. फिल्म के निर्माता और निर्देशक की सहमति के बाद अरशद वारसी ने ‘सर्किट’ के किरदार में अपने अनुसार बदलाव किए और इस किरदार को पर्दे पर कुछ यूं जीवित किया कि ‘सर्किट’ बॉलीवुड के आइकॉनिक किरदारों में शामिल हो गया.
संजय दत्त की जमकर की तारीफ-
‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ के बारे में आगे बात करते हुए एक्टर ने अपने को- स्टार संजय दत्त की भी जमकर तारीफ की. एक्टर के मुताबिक संजय दत्त उन चंद एक्टर्स में शामिल हैं जो अपने को-स्टार से असुरक्षित महसूस नहीं करते हैं और सामने वाले को अपने अनुसार काम करने देते हैं.
.
Tags: Arshad warsi, Entertainment news., Sanjay dutt
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 17:48 IST






