Success Story: लोग ताना देते थे कि छोटे-मोटे रोल करती है…गाजियाबाद की हेमा शर्मा को बॉलीवुड में मिली पहचान


विशाल झा/गाजियाबाद. यूपी के गाजियाबाद के मुरादनगर रावली रोड निवासी हेमा शर्मा आज माया नगरी में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी हैं. हेमा गाजियाबाद से मुंबई कोरियोग्राफर बनने गई थीं, लेकिन कड़ी मेहनत ने उन्हें बॉलीवुड का स्टार बना दिया. वह टीवी सीरियल अशोक सम्राट, यमला पगला दीवाना फिर से, दबंग 3 और अब वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा (Web Series Inspector Avinash)  में बेहतरीन अभिनय का जलवा दिखा चुकी हैं.

बता दें कि इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा की वेब सीरीज लखनऊ में तैनात रहे एक इंस्पेक्टर के साहस पर आधारित है. इसमें हेमा शर्मा को मुख्य किरदार निभाने का मौका मिला है. यह हेमा का पहला ओटीटी प्लेटफॉर्म डेब्यू है, इसलिए उनके मन में काफी ज्यादा उत्साह था.

उतार-चढ़ाव से भरा रहा सफर
हेमा शर्मा ने News 18 Local को बताया कि ये सफर काफी उतार चढ़ाव से भरा रहा है. कई बार लोग ताना देते थे कि छोटे-मोटे किरदार निभाती है, लेकिन वो लोग ये नहीं सोचते कि यहां तक पहुंचना भी कितना मुश्किल होता है. बता दें कि हेमा ने कभी एक्टिंग नहीं सीखी बल्कि मुरादनगर में ही कथक, भरतनाट्यम आदि सीखा था. मुंबई भी हेमा सिर्फ कोरियोग्राफर बनने गई थीं, लेकिन बॉलीवुड की स्टार बन गई.

गोविंदा के साथ अमेरिका में डांस शो किया
हेमा शर्मा के मुताबिक, एक्टिंग करियर की शुरुआत वीणा म्यूजिक कंपनी के साथ पहला म्यूजिक एल्बम ‘आजा छत पर ‘ शूट करने के साथ हुई थी. इसके बाद 2015 वर्ष में गोविंदा के साथ अमेरिका में डांस शो किया और 2017 में फिल्म यमला पगला दीवाना फिर से में भी किरदार निभाया.

सीरीज में निकले आंखों से असली आंसू
वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा के बारे में बात करते हुए हेमा ने बताया कि ये वेब सीरीज एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अविनाश मिश्रा पर बनी है. जिसमें रणदीप हुड्डा के साथ काम करने का मौका मिला. यहां एक्टिंग के दौरान मैं इतनी समर्पित थी कि रोने के एक सीन में आंखों से असली आंसू निकल गए. ओटीटी प्लेटफार्म पर अनुभव के बारे में बात करते हुए हेमा शर्मा ने कहा कि युवा पीढ़ी अब थेटर में सिनेमा देखना पसंद नहीं करती इसलिए वेब सीरीज ही लोगों के दिल में राज करने लगी है. जमाना ओटीटी की तरफ भाग रहा है जो अब भविष्य भी है.

दबंग 3 में कट सकता था रोल
सलमान खान की फिल्म दबंग 3 में भी हेमा शर्मा अपनी एक्टिंग का जादू बिखेर चुकी हैं. इस फिल्म में काम करने वक्‍त उन्होंने लोगों से ऐसा सुना कि अब तक जिन तीन लड़कियों ने काम किया उनके रोल कट गए. फिल्म के डायरेक्टर प्रभु देवा एक्टिंग को लेकर काफी सख्त थे. फिर सब चीजें अच्छे से निबट गईं. अब हेमा का सपना फिल्म की मेन लीड बनकर काम करने का ख्वाब है.

मुंबई ने सिखाया काफी कुछ
हेमा शर्मा ने बताया कि गाजियाबाद की जिंदगी और मुंबई की जिंदगी में काफी फर्क है. नार्मल लाइफ से ‘लाइट्स कैमरा एक्शन’ का सफर बिलकुल अलग है. वहां एक्शन बोलते ही आपको सब कुछ भूलकर सिर्फ अपने किरदार को जीना पड़ता है.

Tags: Bollywood news, Life18, Success Story, Web Series

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More