
हाइलाइट्स
रेड्डी चेन्नई स्थित अपने ऑफिस में सप्ताह के 6 दिन जाते हैं.
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक काम भी करते हैं.
रेड्डी ने 50 साल की उम्र में अपने बिजनेस को नया आयाम दिया.
नई दिल्ली. सफलता की कहानियां जज्बों की लड़ाई तो बहुत सुनी होगी. हर सफलता प्रेरणा भी देती है, लेकिन आज हम आपको जो सक्सेस स्टोरी बताने जा रहे, वह युवाओं के साथ बुजुर्गों के लिए भी प्रेरणास्रोत है. चुनौतियों से डरने के बजाए हमेशा लड़ने का रास्ता चुना और आज ऐसा मुकाम बना लिया है, जहां पहुंचना हर बिजनेसमैन का सपना होता है.
दरअसल, हम बात कर रहे हैं डॉ. प्रताप सी रेड्डी की, जिन्हें देश के सबसे ज्यादा प्रेरणादाई बिजनेस लीडर में गिना जाता है. उन्होंने अपना बिजनेस उस उम्र में शुरू किया, जहां ज्यादातर लोग रिटायरमेंट की राह देखने लगते हैं. आज 40 साल बाद उनकी उम्र 90 को भी पार कर गई है, लेकिन काम का जज्बा ऐसा है कि युवा भी पानी भरते हैं. अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड (Apollo Hospitals Enterprises Limited) जैसी नामी कंपनी को बनाने वाले रेड्डी चेन्नई स्थित अपने ऑफिस में सप्ताह के 6 दिन जाते हैं. इतना ही नहीं सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक काम भी करते हैं. सबकुछ हासिल करने के बाद भी काम को लेकर जो उनका जज्बा है, वह लाखों के लिए प्रेरणास्रोत का काम करता है.
हॉस्पिटल टाइकून ने देश-विदेश में बनाया अंपायर
रेड्डी ने 50 साल की उम्र में अपने बिजनेस को नया आयाम दिया और नई चुनौतियों से लड़ने का रास्ता चुना. उन्होंने मेडिकल सेक्टर में सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि कई अन्य देशों में भी कारोबार फैलाया. रेड्डी की 4 बेटियां हैं, जो उनके बिजनेस को 4 पिलर की तरह थामकर रखती हैं. सबसे बड़ी बेटी प्रीता रेड्डी उनकी कंपनी की प्रबंध निदेशक (MD) हैं, जबकि सबसे छोटी बेटी संगीता रेड्डी ज्वाइंट MD का पद संभाल रही है. इसके अलावा सुनीता और शोभना रेड्डी कंपनी की एक्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन हैं.
4 बेटियों ने संभाली जिम्मेदारी
अपोलो हास्पिटल ब्रांड आज किसी पहचान का मोहताज नहीं है. रेड्डी की चारों बेटियां बेहद सफल हैं और कई बिजनेस अवार्ड भी जीत चुकी हैं. अपोलो कंपनी का मार्केट कैप 70 हजार करोड़ रुपये पहुंच गया है. कंपनी में रेड्डी परिवार की हिस्सेदारी 29.3 फीसदी है. कंपनी के तहत इस समय 21 ब्रांड के प्रोडक्ट मार्केट में हैं. अपोलो के 71 हॉस्पिटल होने के साथ देशभर में इसके 5000 फार्मेसी स्टोर भी हैं. इसके अलावा 291 फार्मेसी केयर क्लीनिक, डिजिटल हेल्थ पोर्टल, डायग्नोस्टिक चेन और मैटरनिटी सर्विस भी हैं. रेड्डी की नेटवर्थ इस समय करीब 20 हजार करोड़ रुपये की है.
तीसरी पीढ़ी के बिजनेस लीडर तैयार कर रहे रेड्डी
अपोलो ग्रुप के सक्सेस के पीछे सबसे बड़ी वजह डॉ. प्रताप सी रेड्डी का हर जगह मौजूद होना है. उन्होंने अपनी रणनीति को कभी दूसरों के भरोसे नहीं छोड़ा. खुद की देखरेख में बेटियों को सक्सेसफुल बिजनेस लीडर बनाया और आज भी वे रोजाना ऑफिस जाकर तीसरी पीढ़ी के बिजनेस लीडर को तैयार कर रहे हैं. रेड्डी के 10 ग्रैंड चिल्ड्रेन हैं, जिसमें से 9 को पहले ही कंपनी में रोल दिया जा चुका है.
.
Tags: Apollo Hospital, Business news in hindi, Success Story, Successful business leaders, Successful businesswoman
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 13:18 IST






