
हाइलाइट्स
पीएम मोदी ने कहा कि परिवारवादी पार्टियों ने भाई भतीजावाद-बढ़ाया, आम लोगों से अवसर छीना.
पीएम मोदी ने आज ‘रोजगार मेले’ कार्यक्रम में 70,126 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपा.
नई दिल्ली. केंद्र सरकार की सबसे महत्वकांक्षी कार्यों में से एक रोजागर मेले का आज एक बार फिर आयोजन किया गया. यह मेला कुल 43 जगहों पर आयोजित किया गया था. इस दौरान पीएम मोदी ने 70 हजार से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपा. पीएम मोदी ने कार्यक्रम में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए राजनीति में परिवारवाद, पश्चिम बंगाल में नौकरी में घोटाले का जिक्र करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि परिवारवादी पार्टियों ने भाई भतीजावाद-बढ़ाया, आम लोगों से अवसर छीना, हमने अधिक से अधिक अवसर पैदा किए हैं.
विपक्ष के शासन वाले राज्यों में नौकरी के लिए रेट कार्ड मिल रहा हैः पीएम मोदी
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘परिवारवादी राजनीति ने भाषा के आधार पर लोगों को बांटा, हमने भाषा के माध्यम से अवसरों का निर्माण किया. हमारी सरकार ने सुनिश्चित किया कि लोगों के सपने को साकार करने में भाषा बाधा ना बने. एनडीए सरकार में में भारत के इतिहास का सबसे बड़ा भर्ती अभियान, यह उसकी दूरदर्शिता का परिचायक है. विपक्ष के शासन वाले राज्यों में नौकरी के लिए ‘रेट कार्ड’ मिल रहा है, हमारी ओर से युवाओं के भविष्य को ‘सेफगार्ड’ मिल रहा है.’
पिछली सरकारों की पहचान राजनीतिक भ्रष्टाचार बन गई थीः पीएम मोदी
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में नौकरी के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार को युवा विरोधी बताया. उन्होंने कहा कि ऐसा वर्क कल्चर युवा विरोधी है. पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों की पहचान राजनीतिक भ्रष्टाचार और सरकारी धन के दुरुपयोग की बन गयी थी. उन्होंने कहा कि आज निजी व सरकारी क्षेत्र में नौकरियों के अवसर बन रहे हैं और जिस पैमाने पर युवाओं को नौकरी दी गई है, वह ‘अभूतपूर्व’ है.
भारत को जितना अपनी अर्थव्यवस्था पर विश्वास है, वह पहले नहीं थाः पीएम मोदी
उन्होंने कहा, ‘सरकारी नौकरी देने वाले प्रमुख संस्थानों- संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) और रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने पहले के मुकाबले ज्यादा युवाओं को नौकरी दी हैं. इन संस्थाओं का जोर परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने पर भी रहा है.’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को लेकर जितना विश्वास और उसकी अर्थव्यवस्था पर जितना भरोसा आज है, वह पहले कभी नहीं रहा.
भारत बीते एक दशक की तुलना में ज्यादा मजबूत हैः पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि वैश्विक मंदी, कोरोना महामारी और यूक्रेन-रूस युद्ध के बावजूद भारत अपनी अर्थव्यवस्था को नयी ऊंचाई पर ले जा रहा है. उन्होंने कहा, ‘आज भारत बीते एक दशक की तुलना में ज्यादा स्थिर, ज्यादा सुरक्षित और ज्यादा मजबूत देश है. राजनीतिक भ्रष्टाचार, योजनाओं में गड़बड़ी और जनता के धन का दुरुपयोग पुरानी सरकारों की पहचान थी लेकिन आज भारत को राजनीतिक स्थिरता, निर्णायक फैसलों और आर्थिक व प्रगतिशील सामाजिक सुधारों के लिए जाना जाता है.’
43 जगहों पर रोजगार मेले का आयोजन
रोजगार मेले का आयोजन देशभर में 43 जगहों पर हुआ. केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के साथ-साथ राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों में भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की गई हैं. नए कर्मचारियों को वित्तीय सेवा विभाग, डाक विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रक्षा मंत्रालय, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, रेल मंत्रालय, लेखापरीक्षा और लेखा विभाग और गृह मंत्रालय सहित विभिन्न विभागों में नियुक्त किया गया है. (इनपुट भाषा से)
.
Tags: PM Modi
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 12:36 IST






