
हाइलाइट्स
पंजाब पुलिस ने सिर्फ 11 महीनों में कुल 1135.25 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी की.
पिछले एक हफ्ते में 234 एफआईआर दर्ज करके 308 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया.
5 जुलाई 2022 से अब तक 2132 बड़ी मछलियों सहित 14952 तस्करों को गिरफ्तार किया.
एस. सिंह
चंडीगढ़. पंजाब में ड्रग्स के कारोबार का इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि पिछले 11 महीनों में पुलिस ने अरबों रुपये की ड्रग्स बरामद की है. इसमें अकेले बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कीमत 5500 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है. पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि 5 जुलाई 2022 से अब तक 2132 बड़ी मछलियों सहित 14952 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने कुल 11147 एफआईआर दर्ज की हैं, जिनमें से 1313 कमर्शियल मात्रा से संबंधित हैं.
पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर जनरल (IGP) सुखचैन सिंह गिल ने यह जानकारी साझा करते हुए बताया है कि पुलिस टीमों ने राज्य भर से नशा प्रभावित इलाकों में संवेदनशील रूटों पर नाके लगाए और तलाशी अभियान चलाकर 987.75 किलोग्राम हेरोइन बरामद की. इसके अलावा पंजाब पुलिस की टीमों से तरफ से गुजरात और महाराष्ट्र के बंदरगाहों से 147.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी, जिससे सिर्फ 11 महीनों में हेरोइन की कुल बरामदगी 1135.25 किलोग्राम हो गई है.
11.83 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी बरामद
आईजीपी ने बताया कि हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा पुलिस ने राज्य भर में से 731 किलो अफीम, 840.76 किलो गांजा, 350.40 क्विंटल भुक्की और 62.49 लाख गोलियां, कैप्सूल, टीके व शीशियां बरामद की हैं. पुलिस ने इन 11 महीनों में पकड़े गए नशा तस्करों के पास से 11.83 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है.
एक हफ्ते में मिली सफलता इस तरह है…
आईजीपी ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में पुलिस ने 234 एफआईआर दर्ज करके 308 नशा तस्करों, सप्लायरों को गिरफ्तार किया है. इनसे 33.73 किलोग्राम हेरोइन, 13.90 किलो अफीम, 16.12 किलो गांजा, 5.85 क्विंटल भुक्की, 39004 गोलियां, कैप्सूल, टीके, फार्मा ओपीओइड्ज की शीशियों के अलावा 10.48 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है. उन्होंने कहा कि पिछले एक हफ्ते में 10 अन्य भगोड़े एनडीपीएस मामलों में गिरफ्तार किये जाने से 5 जुलाई 2022 को भगोड़ों को गिरफ्तार करने के लिए शुरू की गई विशेष मुहिम के बाद गिरफ्तारियों की कुल संख्या अब 906 तक पहुंच गई है.
.
Tags: Drugs in punjab, Punjab news, Punjab Police
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 12:45 IST






