
अहमदाबाद. प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) का आगामी संस्करण महत्वपूर्ण है. यह इस टूर्नामेंट का 10वां और ऐतिहासिक सीजन होगा. ऐसे में स्वाभाविक है कि सभी स्टेकहोल्डर यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि वे इस ऐतिहासिक सीजन में खिताबी जीत का उत्सव मनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें. इस बात को ध्यान में रखते हुए गुजरात जायंट्स टीम ने नए सीजन के लिए अपनी यात्रा को बड़े उत्साह के साथ शुरू किया है क्योंकि पीकेएल इतिहास के सबसे सफल कोच माने जाने वाले राम मेहर सिंह ने टीम के लिए स्काउटिंग प्रक्रिया की जिम्मेदारी ले ली है.
गुजरात जायंट्स अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के स्वामित्व वाली टीम है. यह टीम जल्द से जल्द देश के सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ियों का पता लगाने के लिए पर्दे के पीछे से कड़ी मेहनत कर रही है. टीम चेन्नई और नई दिल्ली में ट्रायल्स कर रही है. इसके बाद टीम अहमदाबाद में अपने सिलेक्शन प्रोसेस को पूरा करेगी, जहां उन्हें न्यू यंग प्लेयर्स (एनवाईपी) श्रेणी के तहत चार खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने की उम्मीद है.
कोच राम मेहर सिंह ने कहा, ‘गुजरात जायंट्स उन खिलाड़ियों को साइन अप करना चाह रही है, जिन्हें हम इस साल सीधे टूर्नामेंट के लिए मैट पर उतार सकते हैं हम अपने स्क्वॉड में बाकी बचे स्लॉट भरना चाह रहे हैं. जब से प्रो कबड्डी लीग शुरू हुई है, न्यू यंग प्लेयर्स प्रोग्राम ने बहुत प्रभावशाली खिलाड़ियों का पता लगाया है और यह भारत में खेल की मदद करने की दिशा में काफी सहायक रहा है.’
प्रतीक दहिया पिछले सीजन जायंट्स टीम के सबसे सफल सदस्यों में से एक थे. दहिया ने बीते सीजन में मजाक मजाक में अंक बटोरे. प्रतीक एनवाईपी प्रोग्राम का एक प्रोडक्ट हैं और राम मेहर सिंह ऐसे और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तलाशने के प्रति आशान्वित हैं.
कोच ने कहा, ‘एनवाईपी प्रोग्राम को अपनाने क लिए बहुत सारे लोग हैं और बहुत से छोटे बच्चे कबड्डी खेलने के लिए बहुत उत्सुक हैं. यह युवाओं को खेल को अपनाने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करेगा.’
अदाणी स्पोर्ट्सलाइन टीम से गुजरात जायंट्स को मिलने वाले सपोर्ट के बारे में बात करते हुए राम मेहर ने कहा, ‘अदाणी समूह खेलों में भारी निवेश कर रहा है. वे हमेशा खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना चाहते हैं और यह देखकर भी अच्छा लगता है कि वे न केवल लीग में रिजल्ट्स की ओर देख रहे हैं बल्कि गुजरात में कबड्डी के खेल में सुधार करने की भी कोशिश कर रहे हैं. खिलाड़ियों को केवल परफार्मेंस के पहलू पर ध्यान देना चाहिए, इसे लेकर टीम प्रबंधन बहुत स्पष्ट है टीम मैनेजमेंट का कहना है कि खिलाड़ी अपने काम पर ध्यान दें, बाकी चीजों का ध्यान रखने के लिए वे हैं। एक टीम इसी तरह काम करती है.’
.
Tags: PKL, Pro Kabaddi League
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 22:26 IST








