
अरविंद शर्मा/भिंड: जिले में मौसम अपना रूप हर दिन बदल रहा है. सुबह ठंडा तो दोपहर कड़क धूप और शाम को उमस से लोगों को बेचैनी बढ़ रही है. वहीं मौसम की मार से अस्पताल में मलेरिया, उल्टी दस्त के मरीज भी बढ़ रहे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि अधिक गर्मी से बचाव के लिए आप पानी ज्यादा से ज्यादा पिएं.
डॉक्टर डीके शर्मा ने बताया जिले में तापमान अधिक होने से सरकारी और प्राइवेट अस्पताल में सबसे ज्यादा मरीज उल्टी दस्त के देखे जा रहे हैं. घर पर मरीजों को नींबू पानी का सेवन करते रहना चाहिए. वहीं अंचल की बात करें तो फूप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ सिद्धार्थ चौहान ने बताया वर्तमान में हमारे यहां की ओपीडी 500 के करीब पहुंच चुकी है, जो गर्मी की वजह से बढ़ी है. कोई विशेष चिंता की बात नहीं है. आप बाहर फास्ट फूड न सेवन करें और पानी पीते रहें तो समस्या कम होगी.
अच्छी बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिक राजेश दुबे कहना है कि इस साल जिस तरह से तेज गर्मी पड़ी थी उससे ऐसा लग रहा था मानो अच्छी बारिश होगी. लेकिन बारिश ने आम लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. सप्ताह 10 दिन में एक-दो घंटे के लिए बारिश होती है. उसके बाद फिर से मौसम खुलने के बाद उमस और गर्मी से लोग बेहाल हैं. वहीं शुक्रवार की सुबह का तापमान 43 डिग्री रहा. दोपहर में तापमान 47 तक पहुंच गया, जिसके बाद शाम को बारिश की वजह से उमस बढ़ने लगी. मौसम विभाग का मानना है कि अभी इस महीने यही मौसम रहने वाला है.








