
नई दिल्ली. देश में बड़े से छोटे शहरों तक क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है. अगर क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल सही तरीके से किया जाए, वो फायदेमंद साबित होता है. हालांकि आपने इसे समझदारी से इस्तेमाल नहीं किया तो क्रेडिट कार्ड आपको कर्ज के जाल में फंसा सकता है. कई बार हमारे पास पैसों की तंगी होती है. अगर आप क्रेडिट कार्ड के ड्यूज (Credit Card Dues) नहीं चुकाएंगे, तो तकरीबन 40 फीसदी के हिसाब से सालाना चार्ज देना होता है. ये सिलसिला तब तक चलेगा जब तक आप पूरा हिसाब नहीं चुका देते. इसके अलावा आपका क्रेडिट स्कोर भी प्रभावित होता है. हालांकि आप बैलेंस ट्रांसफर के जरिए भी क्रेडिट कार्ड का बिल चुका सकते हैं.
बैलेंस ट्रांसफर सुविधा आपको अपने मौजूदा क्रेडिट कार्ड देय राशि को किसी अन्य क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर करने की अनुमति देती है. अगर आपके मौजूदा क्रेडिट कार्ड पर ज्यादा कर्ज हो गया है और तो आप अपने इस क्रेडिट कार्ड की बकाया राशि को किसी दूसरे बैंक के क्रेडिट कार्ड पर ट्रांसफर करा सकते हैं. हालांकि बैलेंस ट्रांसफर से पहले नई क्रेडिट कार्ड कंपनी या बैंक के चार्ज को पता कर लेना चाहिए.
एक कार्ड से दूसरे कार्ड में बैलेंस ट्रांसफर कर बिल पेमेंट किया जाता है. कई बैंक इस तरह की सुविधा मुहैया कराते हैं. किसी एक क्रेडिट कार्ड का उपयोग करके अन्य बैंक के क्रेडिट कार्ड के बिल का पेमेंट कर सकते हैं.
बैलेंस ट्रांसफर का पैसा लेने के बाद उसे चुकाने के लिए आप EMI का ऑप्शन भी चुन सकते हैं। बिल चुकाने के लिए बैलेंस ट्रांसफर में उतने ही पैसे ले सकते हैं जो आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट में है। अगर कार्ड की लिमिट 50,000 रुपये है। तब ऐसी स्थिति में उस कार्ड से आप 50,000 रुपये से अधिक बैलेंस ट्रांसफर नहीं कर सकते हैं।
.
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 17:18 IST








