
संजय यादव/बाराबंकी. बाराबंकी जिला अस्पताल की ओपीडी में टोकन व्यवस्था लागू हो गई है. फिलहाल इसे प्रयोग के लिए शुरू किया गया है. यदि प्रयास सफल रहा तो सभी अस्पताल के सभी ओपीडी में इसे लागू कर दिया जाएगा. इस व्यवस्था से रोगियों को लाइन लगाने और धक्के खाने से छुटकारा मिल जाएगा और मरीजों का समय भी बचेगा. बहुत से मरीज सुबह जिला अस्पताल डॉक्टर को दिखाने आते हैं पर लंबी लाइन देखकर कुछ मरीज बिना दिखाए वापस चले जाते है.उम्मीद है इस व्यवस्था से मरीजों को राहत मिलेगी.
जिला पुरुष अस्पताल के सीएमएस डा. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में टोकन सिस्टम लागू किया गया है. प्रयास सफल रहा तो अस्पताल की सभी ओपीडी में यह टोकन व्यवस्था लागू कर दी जाएगी. नई व्यवस्था के लागू होने से रोगियों को काफी राहत मिलेगी. चिकित्सकों की ओपीडी कक्ष के बाहर एक टोकन नंबर दिखाने वाली स्क्रीन लगाई गई है.
डाक्टरों के साथ मरीजों को मिलेगी राहत
रजिस्ट्रेशन काउंटर से पर्चा बनवाने के बाद जिस डॉक्टर को दिखाना होगा, रोगी उसकी ओपीडी में अपना पर्चा जमा कर देगा. ओपीडी से उसे एक टोकन मिलेगा. इसके बाद क्रम से रोगियों को बुलाया जाएगा. जिस रोगी का टोकन नंबर स्क्रीन पर आएगा, उसका इलाज चिकित्सक करेंगे. इससे डाक्टरों को भी सहूलियत मिलेगी और मरीजों को भी लाइन में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे.
.
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 18:18 IST








