
हाइलाइट्स
गोलगप्पे बनाने वाली मशीन आप ऑनलाइन या ऑफलाइन खरीद सकते हैं.
शुरुआती रेंज की मशीन के साथ इस बिजनेस में करीब 50 हजार रुपये लगाने होंगे.
गोलगप्पे बेचने के लिए आप मार्केट में छोटे-बड़े चाट सेंटर से बड़े ऑर्डर ले सकते हैं.
नई दिल्ली. गोलगप्पे किसको पसंद नहीं होते. आजकल हर गली-मोहल्ले में आपको ये आसानी से मिल जाते हैं. लेकिन क्या आपने कभी इससे जुड़ा कोई बिजनेस करने के बारे में सोचा है? दरअसल, हम आपको गोलगप्पे बनाने वाली एक ऐसी मशीन के बारे में बता रहे हैं, जिसकी मदद से आप एक घंटे में हजारों गोलगप्पे बना सकते हैं. अगर आप एक ऐसा बिजनेस करना चाहते हैं जिसमें कम निवेश में ज्यादा मुनाफा कमाया जा सके, तो यह बिजनेस आपके लिए बेहतर साबित हो सकता है.
बता दें कि गोलगप्पे की बढ़ती हुई डिमांड को देखते हुए आजकल मार्केट में ऐसी कई मशीनें आ गई है, जिनकी मदद से आप आसानी से गोलगप्पे बना सकते हैं. आइए जानते हैं गोलगप्पे बनाने का बिजनेस आप कैसे शुरू कर सकते हैं.
ऐसे करें बिजनेस की शुरुआत
अगर आप गोलगप्पे बनाने का यह बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो आपको इसके लिए गोलगप्पे बनाने वाली मशीन और कच्चे माल की जरूरत होगी. गोलगप्पे बनाने वाली मशीन आप ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी तरह से खरीद सकते हैं. इसके बाद आपको उसके लिए जरूरी सामान जैसे आटा, रवा, तेल, बेकिंग सोडा, नमक आदि की जरूरत होगी. इन्हें आप नजदीकी मार्केट से एक साथ होलसेल रेट पर खरीद सकते हैं. इस मशीन का सेटअप लगाने के लिए आप अपने घर में या सुविधानुसार किसी जगह को चुन सकते हैं.
कितनी है मशीन की कीमत?
मार्केट में गोलगप्पे बनाने वाली कई तरह की मशीनें उपलब्ध है. इनकी कीमत 35 हजार से शुरू होती है. मशीन का चुनाव आप अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से कर सकते हैं. इसमें ऑटोमेटिक, सेमी-ऑटोमेटिक और पूरी तरह से मैन्युअल तीन तरह की मशीनें शामिल है. अगर आप शुरुआती रेंज की मशीन के साथ यह बिजनेस शुरू करते हैं तो आपको इसमें करीब 50 हजार रुपये का निवेश करना होगा.
कैसे होगी बिक्री?
गोलगप्पे बनाने के बाद उन्हें बेचने के लिए आप मार्केट में छोटे-बड़े चाट सेंटर से ऑर्डर ले सकते हैं. वहीं ग्रोसरी की बड़ी दुकानों पर भी आप सप्लाई कर सकते हैं. इसके अलावा आप इनके छोटे छोटे पैकेट बनाकर भी मार्केट में बिक्री के लिए भेज सकते हैं क्योंकि आजकल लोगों में घर पर गोलगप्पे बनाने का चलन भी बढ़ रहा है. ऐसे में मार्केट में छोटे छोटे पैकेट की भी काफी डिमांड रहती है. इस तरह आप इस बिजनेस से अच्छी खासी कमाई कर सकते हैं.
.
Tags: Business at small level, Business from home, Business ideas, Business news, Business news in hindi, Business opportunities, Earn money, How to start a business, Money Making Tips
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 06:45 IST








