
मुकेश राजपूत/बुलंदशहर. उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में तैनात एक महिला आरक्षी को रात्रि ड्यूटी हटवाने के लिए उसके पति ने डीजीपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई है. महिला आरक्षी का पति सीआरपीएफ में है. महिला आरक्षी के पति ने ट्विटर के माध्यम से कहा कि उसकी पत्नी मासूम पुत्री के साथ रात में थाने एवं अन्य स्थानों पर ड्यूटी करने पर मजबूर है. ऐसे में उन्हें रात्रि ड्यूटी से कुछ रियायत दी जानी चाहिए. उसकी पत्नी त्यागपत्र देने को भी तैयार नहीं है.
अनुज विशु नामक यूजर ने ट्वीट कर लिखा, ‘वह सीआरपीएफ में जवान के पद पर तैनात है. जबकि महिला सिपाहियों को अपनी ड्यूटी के साथ-साथ बच्चों की भी परवरिश करनी होती है. ऐसे में उन्हें रात्रि ड्यूटी से कुछ रियायत दी जानी चाहिए. संभव हो तो ऑफिस कार्य कराया जाए.’ साथ ही लिखा, ‘ मेरी पत्नी भी रात्रि ड्यूटी करने जाती है. पत्नी अपनी मासूम बेटी को साथ में लेकर ड्यूटी करने जाती है. मासूम बेटी को पत्नी के साथ जाते हुए देखकर दोनों की सुरक्षा की चिंता होती है. उसने अपनी पत्नी से त्यागपत्र देने के लिए कहा है किंतु वह अपने काम से प्यार करती है. इसी कारण त्यागपत्र देने के लिए तैयार नहीं है.’ वहीं, इस मामले में बुलंदशहर पुलिस की ओर से ट्वीट का जवाब देते हुए कहा गया है कि मामले में संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिया गया है.
जल्द होगा समाधान
इस मामले को लेकर एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि महिला सिपाहियों की ड्यूटी को लेकर पहले से ही ड्यूटी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं. इस तरह की ड्यूटी के लिए लगातार निर्देश दिया जा रहा है. यदि कभी-कभी फोर्स की कमी पड़ती है तो इस तरह की ड्यूटी लगाई जाती है. एसपी सिटी का कहना है कि मामला संज्ञान में है. जल्द ही महिला आरक्षी की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा.
.
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 16:07 IST








