
हाइलाइट्स
फॉरेक्स ट्रेडिंग फॉरेक्स मार्केट से संचालित होती है.
यहां विभिन्न देशों की करेंसी को खरीदा-बेचा जाता है.
यहां भी स्टॉक मार्केट की तरह पैसा बनाया जा सकता है.
नई दिल्ली. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बुधवार को 8 इकाइयों/मंचों/कंपनियों के नामों की सूची जारी की जो विदेशी मुद्रा कारोबार (Forex Trade) के लिए अनधिकृत हैं. यह कंपनियां बगैर अनुमति के ही फॉरेक्स में ट्रेड कर रही हैं. केंद्रीय बैंक ने इस इकाइयों के नाम अलर्ट सूची में डाल दिये हैं. इनके नाम इस प्रकार हैं. क्यूएफएक्स मार्केट्स, विनट्रेड, गुरु ट्रेड7 लिमिटेड, ब्रिक ट्रेड, रुबिक ट्रेड, ड्रीम ट्रेड, मिनी ट्रेड और ट्रस्ट ट्रेड. आरबीआई ने प्रेस रिलीज जारी कर इनके नामों को उजागर किया है.
इन नई कंपनियों के शामिल होने के बाद अलर्ट लिस्ट में अब कुल 56 इकाइयां हो गई हैं जो अनधिकृत रूप से फॉरेक्स में ट्रेड कर रही हैं. केंद्रीय बैंक ने पिछले वर्ष सितंबर में विदेशी मुद्रा कारोबार मंच की ‘सतर्कता सूची’ जारी की थी जिसमें 34 इकाइयों के नाम थे. इसके बाद फरवरी में इस सूची में संशोधन किया गया था. बुधवार को इस सूची में ये नए नाम जोड़े गए. आप इस सूची को आरबीआई की वेबसाइट पर देख सकते हैं.
ईटीपी के लिए अनाधिकृत
आरबीआई ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि इस सूची में उन कंपनियों के नाम हैं जो ना तो फॉरेक्स में सौदा करने के लिए अधिकृत हैं और ना ही फॉरेक्स लेनदेन के लिए इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म चलाने के लिए इन्हें अनुमति प्राप्त है. इस लिस्ट में उन इकाइयों के भी नाम हैं जो अनधिकृत ईटीपी को प्रमोट कर रही हैं. आपको बता दें कि इस सूची में शामिल कुछ बड़े नाम बिनोमो, ओलिम्प ट्रेड और ओक्टाफैक्स हैं.
क्या है फॉरेक्स ट्रेडिंग
फॉरेक्स ट्रेडिंग में विदेशी मुद्रा को बेचा व खरीदा जाता है. इसमें रुपये को भी शामिल किया जा सकता है. विश्व में कहीं भी करेंसी एक्सचेंज हो रही है तो यह फॉरेक्स मार्केट का हिस्सा है. इसी फॉरेक्स मार्केट से संबंधित होती है फॉरेक्स ट्रेडिंग. जहां हर समय करेंसी कीमत चेंज होती रहती है और जैसे स्टॉक मार्केट में शेयर बेचकर पैसा कमाया जाता है.
उदाहरण से समझें
मान लीजिए कि मौजूदा एक्सचेंज रेट के हिसाब से आपने 10000 रुपये देकर 121 डॉलर खरीदे. अब डॉलर का रेट कुछ दिन बाद और बढ़ गया. अब 121 डॉलर खरीदने के लिए लोगों को 11,000 रुपये देने पड़ रहे हैं. ऐसे में आप 121 डॉलर बेचकर 1000 रुपये का मुनाफा कमा लेंगे. बेचने खरीदने की प्रक्रिया लगभग शेयर मार्केट जैसी ही है.
.
Tags: Business news, Business news in hindi, Currency, RBI
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 15:20 IST








