
अखिलेश सोनकर/चित्रकूट: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद में जेल में बंद मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी और निखत अंसारी को अनाधिकृत रूप से मिलाने में मदद करने वाले सपा नेता फराज खान के घर प्रशासन का बुलडोजर चला है. सपा नेता ने नेशनल हाईवे की जमीन पर अवैध अतिक्रमण कर पक्का निर्माण करवा लिया था. प्रशासन ने घर की नपाई के बाद बुलडोजर से अवैध अतिक्रमण को ढहा दिया. इस दौरान मौके पर उप जिलाधिकारी सहित कई थानों की फोर्स मौजूद रही है.
दरअसल बीते 10 फरवरी को चित्रकूट जेल में बंद माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी से जेल के अंदर निखत अंसारी अनाधिकृत रूप से मिल रही थी. इस पर डीएम और एसपी ने छापा मारकर निखत अंसारी और अब्बास अंसारी को जेल अधीक्षक के बगल वाले कमरे में मिलते हुए पाया था. पुलिस ने निखत और अब्बास सहित कुल 8 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर कई लोगों को जेल भेज दिया था. इसमें निखत अंसारी की मदद करने में सपा नेता फराज खान का नाम भी सामने आया था. पुलिस ने सपा नेता फराज खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इसके साथ ही प्रशासन लगातार सपा नेता के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई करने के लिए जुटा हुआ था. ऐसे में प्रशासन ने अब नेशनल हाईवे की जमीन पर अवैध अतिक्रमण कर पक्का निर्माण करने के मामले में नाप के बाद अब बुलडोजर के माध्यम से पक्के निर्माण को ढहा दिया गया है.
एसडीएम ने कही ये बात
वहीं, इस मामले में सदर एसडीएम राज बहादुर सिंह का कहना है कि मुन्ने खा द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया था. लिहाजा पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की नपाई के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है. कहीं चार फीट तो कहीं तीन फिट अवैध अतिक्रमण किया गया था, जिसे गिरा दिया गया है. वहीं, सपा नेता के पिता मुन्ने खान का कहना है कि यह घर मेरे नाम है. प्रशासन द्वारा मुझे अवैध अतिक्रमण की नोटिस दी गई थी, जिसका मुकदमा कमिश्नरी में चल रहा है. अगली 2 तारीख लगी है, लेकिन प्रशासन उनके घर पर आकर उनके घर को गिराने की बात कही. जबकि उन्होंने घर गिराने का कोई आदेश नहीं दिया. अब प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रहा है.
.
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 16:37 IST








