
दुर्गेश सिंह राजपूत / नर्मदापुरम. जिले में प्रकृति के सौंदर्य का आनंद लेने पर्यटकों के लिए मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड होमस्टे योजना संचालित कर रहा है. जिसमें जिले में 11 होमस्टे तैयार किए जा रहे हैं. इन होमस्टे में आने वाले सैलानियों को ग्रामीण परिवेश के साथ भारतीय संस्कृति परंपराओं और मिट्टी के चूल्हे पर बने भोजन का आनंद मिलेगा. नर्मदापुरम जिले के समीप सोहागपुर तहसील में ग्राम छेड़का और ढाबा में होमस्टे के निर्माण कराए जा रहे हैं. छेड़का ग्राम में 7 और ढावा में 4 होमस्टे बनाने की शुरुआत हो चुकी है. यहां आने वाले पर्यटक प्रकृति के साथ प्रदेश की संस्कृति और स्थानीय व्यंजन का आनंद लेंगे. इस योजना को भारतीय संस्कृति परंपरा और खानपान आदि का अनुभव प्रदान करना. यात्रियों और पर्यटकों को ठहरने के लिए स्वच्छ सुंदर और किफायती स्थान उपलब्ध कराने, प्रदेश के अतिथियों की संख्या में वृद्धि करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए संचालित किया जा रहा है.
पर्यटन व्यवसाय से जुड़कर आय के कई स्त्रोत बन सकते हैं
पर्यटन विभाग द्वारा इस होमस्टे योजना को सरल और आसान कर व्यापक रूप से हितधारकों को जोड़ने के लिए बनाया गया है. इस योजना के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन व्यवसाय से जुड़कर अपनी संस्कृति परिवेश और स्थानीय परंपराओं का अनुभव प्रदान करते हुए आय के वैकल्पिक स्त्रोत को सृजित कर सकेंगे.
पर्यटन और संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव और मप्र टूरिज़्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला द्वारा बताया गया है कि मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश के 100 चिन्हित ग्रामो में होमस्टे के निर्माण का कार्य जारी है. जिसमे पचमढ़ी में होमस्टे से पर्यटकों के आकर्षण के केंद्र के साथ एक अच्छी वैकल्पिक व्यवस्था है. जिसमें पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और वातावरण का लाभ मिल सकेगा.
.
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 16:20 IST








