
हाइलाइट्स
बिहार में ये सड़क हादसा पूर्णिया जिला में हुआ है
डॉक्टरों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है
मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं
पूर्णिया. बड़ी खबर बिहार के पूर्णिया से है जहां हुए एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई वहीं सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं. घटना जिले के मरंगा थाना के एनएच 32 बाईपास की है जहां शनिवार को ये भीषण हादसा हुआ. हादसे का शिकार हुए लोग बाराती बताये जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक बारात जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी ट्रक से टकरा गई जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 3 बच्चे समेत कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सभी की हालत नाजुक है. मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है. इस घटना के बाबत बारात जा रहे मृतक के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि वो लोग अररिया जिला के जोकीहाट से खगड़िया बारात जा रहे थे. स्कॉर्पियो गाड़ी ने रोड किनारे खड़े ट्रक मे पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य दो लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हैं.
घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं. सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि अब तक 4 लोगों की मौत हुई है और 7 लोग घायल हैं. सभी की हालत गंभीर है. वहीं सिविल सर्जन ने 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है. सिविल सर्जन अभय प्रकाश चौधरी ने कहा कि जैसे ही घटना की सूचना मिली है डॉक्टरों की पूरी टीम अस्पताल में लगा दी गई है. हर तरह की व्यवस्था की जा रही है लेकिन जो घायल हैं उनकी भी हालत काफी नाजुक है. मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है.
आपके शहर से (पूर्णिया)
.
Tags: Bihar News, Purnia news, Road accident
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 15:43 IST








