
अभिषेक उपाध्याय/आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक बार फिर रिश्तों का कत्ल हुआ है. मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार गांव में दावत के दौरान हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर लाठी से हमला बोल दिया. मारपीट की इस घटना में छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. जब तक लोगों को जानकारी होती और उसे अस्पताल ले जाया जाता तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया. सुबह जानकारी होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार गांव के रहने वाले स्व. महातम दुबे के पांच पुत्र थे. सबसे छोटे पुत्र पंचदेव दुबे की शादी नहीं हुई थी. वह अपने एक भाई इंद्रपाल के साथ रहता था. बुधवार की रात पंचदेव अपने बड़े भाई गिरीश दुबे व गांव के रहने वाले प्रवेश के साथ ट्यूबवेल पर दावत करने गए थे. रात में दावत के दौरान ही दोनो भाईयों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया. कहासुनी के दौरान बड़े भाई गिरीश दुबे ने छोटे भाई पंचदेव पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस घटना में पंचदेव गंभीर रूप से घायल हो गए. लहूलुहान हाल में पंचदेव को मौके पर ही छोड़ कर बड़े भाई गिरीश व पार्टी में शामिल रहा प्रमोद यादव घर चले गए. रात भर घायलावस्था में पड़े-पड़े पंचदेव की मौके पर ही मौत हो गई. सुबह तक जब पंचदेव घर नहीं पहुंचे तो साथ रहने वाले भाई इंद्रपाल उसे खोजने निकले, तो ट्यूबवेल के पास पंचदेव लहुलुहान हाल में मृत अवस्था में पड़ा मिला.
वहीं, सूचना पर मुबारकपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. इस मामले में एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि शराब के नशे में हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
.
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 18:29 IST








